12 साल की बच्ची को नाखूनों से नोचती थी मालकिन

सीओ अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि एल्डिको ग्रीन सोसायटी में रहने वाली प्रीति सिंह के घर मूलत: राजस्थान निवासी 12 वर्षीय बच्ची नौकरानी के रूप में रहती थी। महिला पर बच्ची से मारपीट और नाखून से नोचने के आरोप हैं। किसी तरह सोसायटी के लोगों ने उसे बचाकर घर से निकाला और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने महिला के खिला मामला दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।
उधर, सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में रातभर माथापच्ची की और बाद में मामूली धाराओं में मामला दर्ज करके इतिश्री कर ली। उधर, जिलाधिकारी एम.के.एस. सुंदरम ने बताया कि श्रम विभाग को इस मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट से भी मामले की पड़ताल कराई जाएगी। अगले सप्ताह से महिलाओं के लिए एक एसएमएस से सूचना देने की योजना चलाई जाएगी। उस पर ऐसे पीड़ित बच्चे भी शिकायत कर सकेंगे।
ग्रेटर नोएडा की पॉश एल्डिको ग्रीन सोसाइटी के अपार्टमेंट से 12 वर्ष की एक बालिका मुक्त कराई गई थी। मासूम के पूरे शरीर पर पड़े नाखूनों और पिटाई के निशान ही उस पर हुए भयावह जुल्म की दास्तां बयां कर रहे थे।
नौकरानी के रूप में काम रही इस बालिका के चेहरे, गले, कंधों, हाथों और पैरों पर पड़े नाखूनों से नोचने के दर्जनों निशान खुद ब खुद गवाही दे रहे हैं कि उसे इस घर में आने के बाद पिछले पांच महीनों में किस तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ी है। एल्डिको ग्रीन में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मनोज विधूड़ी ने बताया कि गार्ड ने उन्हें सूचना दी थी कि एक बच्ची के साथ सोसायटी की महिला बुरा बर्ताव कर रही है।
शुक्रवार को मौका मिलने पर बच्ची को महिला के घर से निकाल कर पुलिस के पास पहुंचा दिया गया। यहां इस बालिका ने सहमते हुए अपना दर्द सुनाया। कनिका (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उसकी मालकिन दो बच्चों के साथ घर में रहती है और आए दिन उसके साथ मारपीट करती है। कई बार तो हाथ में आने वाले बर्तन या लकड़ी से भी उसकी पिटाई की, उसे नाखूनों से जख्मी किया।
एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि राजस्थान के जयपुर जिले के सुमन नगर निवासी अनुपम (बदला हुआ नाम) की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए उनके पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति ने उनकी बेटी कनिका (12) को ग्रेटर नोएडा में अपनी बेटी के घर काम करने के लिए भेज दिया। चंद दिनों तक बच्ची के साथ ठीक व्यवहार हुआ, लेकिन कुछ समय बाद बच्ची को प्रताड़ना दी जाने लगी। करीब पांच माह से किसी न किसी बात को लेकर उसे मारा-पीटा जा रहा है। बहरहाल पुलिस ने किशोरी की मेडिकल जांच करा ली है और उसकी मालकिन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications