हरियाणा: चारा काटने के विवाद पर पिता की हत्या

मृतक व्यक्ति भजन लाल के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के बड़े पुत्र, पुत्रवधू और दो पौत्रियों के खिलाफ हत्या व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। घायल व्यक्ति मनोहर लाल ने बताया कि खेत में चारा काटने को लेकर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उसका बड़े भाई महाबीर के से विवाद हो गया।
इसी विवाद को लेकर महाबीर ने अपनी पत्नी जमना, पुत्री पिंकी व रिंकू के साथ मिलकर घर में घुसकर हमला बोल दिया। यह देखकर उसके पिता भजन लाल ने उसे बचाने के लिए कमरे में बंद कर दिया। इस पर महाबीर ने तैश में आकर उसके 80 वर्षीय पिता भजन लाल पर भी हमला बोल दिया।
भजन लाल को जब अस्पताल में ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में मनोहर लाल व उसकी पत्नी सुमन व मां शांति को भी चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सदर थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मामले में मनोहर लाल की शिकायत पर महाबीर, उसकी पत्नी जमना देवी, दो पुत्रियां पिंकी व रिंकू के खिलाफ हत्या व मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications