वियतनामियों को अंग्रेजी में ट्रेंड करेंगे भारतीय शिक्षक

वियतनाम के उप प्रधानमंत्री गुएन थिएन हान ने भारत सरकार से ऐसे प्रशिक्षित शिक्षकों की मांग की है जो उनके देश में अंग्रेजी की शिक्षा के साथ स्थानीय शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दे सकें। अगले कुछ सालों में वियतनाम को 20 हजार प्रशिक्षितअंग्रेजी शिक्षकों की आवश्यकता होगी।हान ने यहां मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल के साथ एक बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में भारत से सहयोग पर चर्चा की। उप प्रधानमंत्री के साथ आए अधिकारियों ने अंग्रेजी में वियतनामी बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की मांग के साथ ही पाठ्यक्रम विकसित करने में भी मदद देने को कहा। भारत ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए वियतनामी प्रस्ताव पर सहमति दे दी है।
उल्लेखनीय है कि प्राथमिक स्तर पर अंग्रेजी शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए सीबीएसई सहोदय स्कूल कांपलेक्स का एक विशाल नेटवर्क है। यहां पर वियतनाम के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा सकता है। समझौते के बारे में विस्तृत बातचीत दोनों पक्षों के अधिकारियों की बैठक के बाद की जाएगी। आज की बैठक में उच्च कक्षाओं के लिए अंग्रेजी शिक्षकों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी हैदराबाद स्थित इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेज, युनिवर्सिटी को दी गई है।
बैठक में उपस्थित विश्वविद्यालय के कार्यकारी कुलपति प्रो. आर. अमृतावल्ली ने कहा कि वे शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए तीन महीने का विशेष कोर्स चला सकते हैं जिसके माध्यम से वियतनाम के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए जा सकते हैं। इसके अलावा जेएनयू व दिल्ली विश्वविद्यालय ने भी वियतनाम के शिक्षकों व दो राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग करने पर सहमति जताई है। इसके तहत दोनों देशों के छात्र एक दूसरे के यहां अध्ययन के लिए आ-जा सकेंगे। कपिल सिब्बल ने दोनों देशों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान के लिए एक संयुक्त कार्यदल के गठन करने का भी निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications