जंतर-मंतर पर दिखा अन्ना आंदोलन की दूसरी कड़ी का ट्रेलर

इस अनशन का केंद्र बिंदु इन्हीं शहीदों पर आधारित वृत्तचित्र थे, जिनका अवलोकन जंतर-मंतर पर हजारों लोगों ने किया। इस एक दिन के अनशन में किरण बेदी ने सिर्फ एक बात कही, कि वो इस लड़ाई को मरते दम तक जारी रखेंगी। वहीं जस्टिस संतोष हेगड़ने ने इस अनशन को अन्ना आंदोलन को नई मजबूती बताया।
फिर हुआ सांसदों का उपहास
अनशन के दौरान दिखाई गईं वीडियो क्लिपिंग्स में जैसे जी शरद पवार का संसद में भाषण दिखाया गया, उसके तुरंत बाद अरविंद केजरीवाल ने मंच से कहा, "इसे कहते हैं चोर की दाढ़ी में..." सभी मीडिया चैनलों ने इस मुद्दे को जमकर उछाला, हालांकि सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की कार्रवाई के कोई निर्देश नहीं आये हैं। हम आपको बता दें कि केजरीवाल पर पहले से ही सांसदों पर अपमानजनक टिप्पणी करने का केस चल रहा है।
इस बार अन्ना के मंच पर वामपंथ और राष्ट्रवाद का गजब का तालमेल दिखा। इंकलाब जिंदाबाद के नारे के साथ भारत माता की जय के नारे भी लगे। यह आंदोलन की नई दिशा की ओर संकेत भी है। जाहिर है अन्ना ने संकेत दे दिए कि आंदोलन का दायरा व्यापाक बनाया जाएगा, घोर राष्ट्रवादियों से लेकर इंकलाब का नारा लगाने वाले वामपंथियों को भी वे साथ ले कर चलना चाहते हैं।
अन्ना ने अपने अनशन की शुरुआत "भारत माता की जय.. वंदे मातरम" जैसे देशभक्ति के नारों के साथ की। अन्ना अपने एकदिवसीय अनशन के जरिए मांग कर रहे थे कि सरकार उनके जन लोकपाल विधेयक को मंजूरी दे, जिसमें भ्रष्टाचार का खुलासा करने वालों की हिफाजत करने का मजबूत प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सरकार देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वालों की हिफाजत नहीं कर पाई है।
बापू को दी श्रद्धांजलि
अनशन शुरू करने से पहले अन्ना और उनके कोर ग्रुप के प्रमुख सदस्यों ने शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जंतर मंतर पर अनशन के लिए बनाए गए मंच पर सच के लिए आवाज बुलंद करने पर जान गंवाने वाले शहीदों की तस्वीरें लगाई गई थी। अन्ना समर्थकों ने हवन और यज्ञ भी किया।
अनशन स्थल पर मध्य प्रदेश के मुरैना में खनन माफिया पर शिकंजा कसने पर जान गंवाने वाले भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह के परिवार वाले भी मौजूद थे। अन्ना के मंच से शहीद आईपीएस नरेंद्र के चाचा ने कहा कि हमारे बेटे को मारा गया है। नरेंद्र के खिलाफ साजिश रची गई। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने शहीदों को सुरक्षा नहीं दी। कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त संतोष हेगड़े ने कहा कि वो पूरी तरह अन्ना के साथ हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने 4 सालों तक कर्नाटक में अवैध खनन की जांच की। मुझे जांच में मिला की यहां अवैध खनन माफिया और अफसरों की मिलीभगत से हो रही है। मैंने इस मामले में 2600 पन्नों की रिपोर्ट भी पेश की है।
कुल मिलाकर जंतर-मंतर पर आज अन्ना आंदोलन की दूसरी कड़ी का ट्रेलर दिखा। यहां पर यह कहना गलत नहीं होगा, "भ्रष्टाचार विरोधी पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त"।












Click it and Unblock the Notifications