मौलवी ने नाबालिग को फंसाया, बाप ने बेटी को मार डाला

मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी से अपनी नाबालिग बेटी के अवैध संबंधों से खफा पिता ने बेटी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। ऑनर किलिंग के इस मामले की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। हादसे के बाद से गांव में दहशत का माहौल है जबकि आरोपी मौलवी घटना के बाद से फरार है। गिरफ्तार पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी के मौलवी से संबंधों के चलते उसकी गांव में बदनामी हो रही थी जिस वजह से उसने यह कदम उठाया। मौलवी शिक्षा देने के नाम पर उससे सेक्स करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर कोडरी में दोपहर मोहम्मद रऊफ ने घर के भीतर 16 वर्षीय पुत्री यासमीन खातून की कैंची से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के समय घर पर और कोई मौजूद नहीं था। हत्या को अंजाम देने के बाद रऊफ घर से बाहर निकला तो पड़ोस में रहने वाली महिला रईसुन को उसके हाथ में खून लगा होने पर शक हो गया। छत से जाकर देखा तो आंगन में खून से लथपथ यासमीन का शव पड़ा था। गांव के चौकीदार से जानकारी मिलने पर बड्डूपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। उधर घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी रऊफ सीधे एक पूर्व विधायक के घर मदद के लिए पहुंच गया। उनके सहयोग करने से मना करने के बाद वह जब वापस लौट रहा था तब रास्ते में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीओ फतेहपुर अंबेश त्यागी ने बताया कि रऊफ से पूछताछ के बाद पता चला है कि गांव के ही एक मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी से मृतका के अवैध संबंध थे। गत सोमवार को रऊफ ने मौलवी का मोबाइल फोन लड़की के पास उस समय बरामद कर लिया जब वह चोरी छिपे मौलवी से मिलकर वापस लौट रही थी। इसके बाद रऊफ ने बेटी की जमकर पिटाई कर दी थी। यह घटना गांव में आग की तरह फैल गई। गांव में रऊफ की खिल्ली उड़ने लगी। पहले रऊफ ने मौलवी को जान से मारने की योजना बनाई थी लेकिन योजना में सफल न होने पर उसने अपनी बेटी की हत्या कर दी। घटना स्थल का जायजा लेकर लौटे पुलिस अधीक्षक आरके भारद्वाज ने शाम को बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, पूछताछ की जा रही है। मामला ऑनर किलिंग का है। मौलवी भी फरार है विवेचना में उसे भी आरोपी बनाकर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications