गैस कटर से काटा एटीएम, उड़ाए 23 लाख

गीता कालोनी इलाके में बदमाशों ने गैस कटर से पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटकर 23 लाख रुपये उड़ा लिए। चोरी की इस सनसनीखेज वारदात को बदमाशों ने बृहस्पतिवार तड़के अंजाम दिया। सुबह जैसे स्थानीय लोगों का मामले की सूचना मिली, इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एटीएम मशीन को छानबीन के बाद सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय एटीएम का गार्ड वहां से नदारद था। पुलिस गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। तीन दिन पहले ही एटीएम में 28 लाख रुपये डाले गए थे।
मामला गीता कालोनी सात ब्लॉक मेन रोड का है। यहां पीएनबी की गांधी नगर शाखा का एटीएम लगा हुआ है। दिन के समय यहां रमेश कुमार (52) बतौर सुरक्षा गार्ड तैनात है। जबकि रात का गार्ड फिलहाल छुट्टी पर था। रमेश दोनों शिफ्ट में ड्यूटी कर रहा था। रमेश का घर एटीएम के पास ही है। बृहस्पतिवार तड़के करीब 4.00 बजे रमेश एटीएम को छोड़कर अपने घर चला गया। सुबह करीब 6.00 बजे सैर के लिए निकले लोगों ने एटीएम को कटा हुआ देखा। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की सूचना मिलते ही लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। बदमाशों ने गैस कटर की मदद से एटीएम को सामने से कटा हुआ था।
पुलिस अधिकारियों ने छानबीन के बाद एटीएम को सील कर दिया। बैंक अधिकारियों के मुताबिक एटीएम में कैश डालने का काम एक निजी एजेंसी के द्वारा किया जाता है। सोमवार को ही एटीएम में 28 लाख रुपये डाले गए थे। जांच के बाद पता चला कि वारदात के समय एटीएम में 23 लाख रुपये मौजूद थे। चोरों ने सारे रुपये उड़ा लिए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एटीएम में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। पुलिस एटीएम गार्ड रमेश कुमार से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
कुछ दिन पहले ही अजमेर में स्टेट बैंक बीकानेर एंड जयपुर के मकराना चौराहे पर लगे दो एटीएम में से एक को गैस कटर से काटकर बदमाश 26 लाख रुपए ले गए थे। यहां भी 24 घंटे पहले 28 लाख रुपये रखे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications