हरियाणा के जेसीडी कॉलेज में हर कोई खेल रहा है तिलक होली

डॉ. शमीम शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह काफी चिंता का विषय है कि जलस्तर निरंतर गिरता जा रहा है, इसलिए हमें जल संरक्षण हेतु हरसंभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अपने अभिभाषण में विद्यार्थियों आह्वान किया कि वे इस होली को तिलक होली के रूप में मनाएं ताकि पानी की किल्लत से बचा जा सके, क्योंकि होली के अवसर पर लोग कई लीटर पानी यूं ही सड़कों पर बहा देते हैं। इस अवसर पर जेसीडी आईबीएम कॉलेज में भी होली के मौके पर तिलक होली का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने फूलों द्वारा होली मनाई।
कार्यक्रम में अनेक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमें पोस्टर मेकिंग में प्रथम वर्ष सिविल का छात्र गुरमोहन प्रथम, इलैक्ट्रिकल द्वितीय वर्ष का छात्र दूसरे स्थान पर रहा। स्लोगन मेकिंग में कम्प्यूटर प्रथम वर्ष के विद्यार्थी गोविन्द, सरिता भारती व पूजा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया। इस मौके पर आयोजित अंताक्षरी प्रतियोगिता में हरा गुलाल टीम विजेता बनी, जिसमें जसविन्द्र, दीपक व हरजीत सिंह मक्कर शामिल थे। मैकेनिकल विभाग के रवि ने होली पर गीत प्रस्तुत किया।
इस मौके पर जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य गुरचरण दास, आईबीएम के प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह, फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनय लाठर, जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश, जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. एन.एस. भाल, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सैल के निदेशक डॉ. राममूर्ति गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्टाफ सदस्य तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।
कैदियों के रंगों की प्रदर्शनी
होली का त्यौहार हर कोई अपने ढंग से मना रहा है। सिरसा जिला में भी लोग तरह-तरह से होली मना रहे हैं। यहां के सुभाष चौक पर तिहाड़ जेल के कैदियों द्वारा बनाए गए होली के रंगों की प्रदर्शनी लगाई गई। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से संस्थान के गुरू आशुतोष महाराज के आदेशानुसार यह कार्यक्रम हुआ। इस प्रदर्शनी का उदघाटन जिला जेल अधीक्षक जे एस सेठी ने रिबन काटकर किया। प्रदर्शनी में हर्बल रंगों को सजाया गया जोकि त्वचा पर कोई दुष्प्रभाव नहीं छोड़ते। इस दौरान मुख्यअतिथि श्री सेठी ने कहा कि तिहाड़ जेल के कैदियों द्वारा निर्मित यह रंग बड़े ही खूबसूरत हैं। सिरसा जेल के कैदी भी इन्हीं रंगों से होली खेलेंगे। श्री सेठी ने भी होली के लिए हर्बल रंगों की खरीददारी की।
वृद्धों संग हर्बल होली
वीर भगत सिंह युवा क्लब द्वारा मंगलवार को क्लब के प्रधान जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हिसार रोड स्थित कस्तुरबा गांधी वृद्धाश्रम में वृद्धों संग हर्बल रंग का तिलक लगाकर होली मनाई और फल वितरित किए। क्लब के उप प्रधान दीपक सावरिया व मनदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह क्लब के प्रधान जितेंद्र कुमार के साथ विशेष रुप से रणजीत सिंह टक्कर, ओशियन के सचिव तरुण कुमार, सुरक्षा ट्रस्ट के चेयरमैन भवंर लाल स्वामी ने कस्तूरबा गांधी वृद्धाश्रम में पहुंचकर वृद्धों के साथ हर्बल रंगों के तिलक लगाकर होली खेली। उन्होंने बताया कि बाद में सभी वृद्धजनों को फल वितरित किए गए। क्लब के प्रधान जितेंद्र कुमार ने कहा कि होली भाईचारे का त्यौहार हे। इस दिन सभी को पुराने गिले शिकवे भूलकर एक देसरे को गले लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि होली के दिन कैमिकल्स से बने रंगों का प्रयोग नहीं करना चाहिए, इससे त्वचा के साथ साथ आंखों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को हर्बल रंगों का प्रयोग करना चाहिए। साथ्थ ही उन्होंने कहा कि पानी की जितनी बचत की जाए उतना कम है। पानी हमारा जीवन है। व्यर्थ में पानी को बहाना बिल्कुल गलत है। इस अवसर पर अक्षित, सुनाल शर्मा, मदन सावरिया, राघव शर्मा आदि उपस्थित थे।
पत्रकार भी मनाएंगे होली
हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की सिरसा इकाई द्वारा कल 7 मार्च बुधवार को होली पर्व के अवसर पर स्पार बैंक्वट में 'हम से मिलिए' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष अरुण भारद्वाज व महासचिव धीरज बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि शाम सात बजे शुरू होने वाला यह कार्यक्रम सिरसा के इतिहास में पहला और अनूठा होगा क्योंकि कार्यक्रम के मद्देनजर जहां जल बचाओ के नारे को चरितार्थ किया जाएगा वहीं फूलों से होली खेलते हुए सभी पत्रकार अपनी अपनी मौलिक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष बलजीत सिंह एडवोकेट ने संगठन के बारे में कहा कि यूनियन द्वारा फूलों से होली खेलने के साथ साथ व्यक्तिगत प्रतिभाओं का प्रदर्शन करने की दिशा में शुरू की गई इस पहल के परिणाम सार्थक होंगे। उन्होंने जिले के तमाम पत्रकारों को इसमें शामिल होने का आग्रह किया है।












Click it and Unblock the Notifications