मुलायम नहीं मायावती से हाथ मिलाए कांग्रेस: बेनी प्रसाद

उन्होंने यह भी कहा कि मायावती सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से हजार गुना बेहतर हैं। वैसे अभी तक कांग्रेस की तरफ से ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि वह उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए मुलायम की पार्टी से हाथ मिलाएगी। मगर ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि इन चुनावों में सपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी जिस वजह से कांग्रेस सपा को अपना हाथ थमा सकती है।
यूपी में हुए 7 चरणों के विधानसभा चुनावों में जितने भी एक्जिट पोल हुए हैं उनमें यह साफ हो गया है कि कांग्रेस पार्टी 50 से अधिक सीटें हासिल नहीं कर पाएगी। यह भी साफ है कि इस बार चाहें सपा हो या बसपा कोई भी पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाएगी। जिससे राज्य में गठबंधन वाली सरकार ही बनेगी। कांग्रेस के प्रवक्ता राशिद अल्वी ने बेनी प्रसाद के इस बयान को उनकी निजी राय बताया है।
वहीं कांग्रेस की तरफ से जो बयान आया है उसमें यह कहा गया है कि 6 मार्च को नतीजे आने के बाद ही पार्टी कोई फैसला करेगी। जबदंबिका प्रसाद ने कहा है कि पिछले 5 साल में राहुल गांधी बसपा और मायावती के खिलाफ जंग लड़ते रहे हैं ऐसे में बसपा से गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता है।
अपने बयान में बेनी प्रसाद वर्मा ने यह भी कहा कि प्रदेश में जो एनआरएचएम घोटाला हुआ है वह सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की देन है। उन्होंने राज्य को पूरी तरह से भ्रष्टाचार से लिप्त बनाया है।
वैसे बेनी प्रसाद वर्मा का यह बयान मुलायम सिंह यादव से खराब रिश्तों से भी प्रभावित हो सकता है। बेनी प्रसाद वर्मा पहले खुद भी समाजवादी पार्टी का हिस्सा थे। वे किसी भी हालत में राज्य में सपा की सरकार बनते हुए नहीं देखना चाहते हैं। वैसे बेनी प्रसाद वर्मा ने इसे अपनी निजी राय बताया है मगर वे निजी राय के बहाने अपने दिल की बात कह गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications