यूपी में सिर्फ अपराध है विकास नहीं: राहुल
नोएडा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि नोएडा का कांसेप्ट हमारा था, लेकिन यहां चोरी का कांसेप्ट सपा, बसपा और भाजपा लेकर आई। गन्ने की मशीन की तरह नोएडा में पैसे निगलने की मशीनें लगी हुई हैं। जिससे लगातार पैसा खींचा जा रहा है। वह नोएडा स्टेडियम में कांग्रेस प्रत्याशी वीएस चौहान के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नोएडा से सटे दिल्ली व हरियाणा में कांग्रेस की सरकारें हैं। यहां पर भ्रष्टाचार व अपराध काफी कम है। जबकि यूपी में सिर्फ अपराध है विकास नहीं। हमने मजबूत लोकपाल बिल संसद में पेश किया, लेकिन भाजपा के लोगों ने लाल बटन दबाकर इसे पास नहीं होने दिया। 22 साल से यूपी में गलत हो रहा है, इसे बदलने की जरूरत है।
मालूम हो कि वर्तमान में राजनीतिक पार्टियों में आरोपों का दौर चरम पर है। अभी कुछ दिन पूर्व ही मायावती ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था कि उन्हें यूपी पर कीचड़ उछालने से पहले केंद्र की हालत पर ध्यान देना चाहिए। माया ने कहा था कि राहुल झूठ बोलते हैं कि यूपी के विकास के लिये केंद्र से पैसा आता है। माया ने कहा था कि अगर ऐसा है तो राहुल को यह जानना जरुरी है कि यूपी का विकास राज्य कोष से हुआ है ना कि केंद्र के पैसों से।













Click it and Unblock the Notifications