रात के अंधेरे में महिला ने मांगी मदद, फिर लगाया लाखों को चूना
मदद मांगने के बहाने महिला और उसका साथी कारोबारी रामकुमार (43) के घर में दाखिल हो गए। इस दौरान उन्होंने रामकुमार को धोखे से एक बिस्कुट खिलाया, बिस्कुट खाते ही राम कुमार बेहोश हो गए। बाद में दोनों घर से लाखों रुपये के जेवरात और कैश समेट कर रफूचक्कर हो गए। अगले दिन घर पहुंचे परिजनों ने बेहोशी की हालत में पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
रामकुमार अकेले ए-2/32, भजनपुरा में रहते हैं। राम कुमार का टूर एंड ट्रेवल के अलावा टायर का व्यवसाय है। देर रात को वह अपने घर में मौजूद थे। इस बीच एक शख्स ने चौधरी साहब कहकर उन्हें आवाज लगाई। रामकुमार ने बाहर देखा तो एक महिला और एक शख्स बाहर खड़ा था। दोनों अपने को पति-पत्नी बताकर उनसे मदद की गुहार लगा रहे थे। पिंकी नामक महिला रो-रोकर कह रही थी कि सहारनपुर में उसकी मां बीमार है, उन्हें किराए की एक गाड़ी चाहिए।
रामकुमार ने देर रात होने की बात कर मना कर दिया। इस बात पर महिला और रोने लगी और पानी पिलाने की बात करने लगी। दोनों रामकुमार के साथ घर में दाखिल हो गए। बातचीत के दौरान रामकुमार चाय बनाने जाने लगा। इस बीच पिंकी का पति जो खुद को राजू बता रहा था, पिंकी से चाय बनाकर लाने को कहने लगा।थोड़ी देर बाद पिंकी राम के घर में चाय बनाकर ले आई। राजू और पिंकी बिस्कुट खाने लगे। एक बिस्कुट उन्होंने राम को भी दे दिया। जिसे खाते ही वह बेहोश हो गए। बाद में दोनों माल समेटकर रफूचक्कर हो गए। गंभीर हालात में रामकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।