साढ़े चार साल तक कांग्रेस क्या कर रही थी: भाजपा

श्री सिंह ने कहा कि एक तरफ केन्द्र में कांग्रेस पार्टी सपा-बसपा से समर्थन लेती है और उप्र में आकर इन दोनों पार्टियों का विरोध करने का स्वांग रचती है। कांग्रेस की यह नाटकबाजी बंद होनी चाहिए। यदि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में वाकई गंभीर है तो राष्ट्रपति से चिट्ठी लिख कर दे कि केन्द्र की यूपीए सरकार सपा और बसपा की मदद से सरकार नहीं चलाएगी।
उन्होंने कहा कि बसपा के कुशासन से मुक्ति देने के लिए केवल भाजपा ही सक्षम है। भाजपा के शासन में कानून एवं व्यवस्था का राज था। जबकि सपा एवं बसपा के शासन काल में आतंक एवं लूट को खुली छूट मिल जाती है। भाजपा का शासन आएगा तो भ्रष्टाचारियों की जगह जेल में होगी। पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आम जनता महंगाई के तले कराह रही है।
कांग्रेस पार्टी के लोग महंगाई के मुद्दे पर चुप हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने दावा किया था कि सौ दिनो के भीतर महंगाई पर काबू पा लिया जाएगा। हजार दिन पूरे होने वाले हैं मगर महंगाई कम नहीं हुई है। श्री सिंह ने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार की अपनी विफलताओं की तरफ से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने मजहब आधारित आरक्षण का मुद्दा उछाला है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार गरीबी हो इस पर कोई विवाद नहीं है मगर मजहब के आधार पर आरक्षण देश को एक और विभाजन की तरफ ले जाने वाला कदम है।












Click it and Unblock the Notifications