राहुल को छोड़ टीम अन्ना के अभियान को थामे लोग

टीम अन्ना के अभियान में शामिल होने आये लोगो का कहना था कि वो राहुल की रैली में इसलिए नहीं गए क्योंकि राहुल अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए वोट मांगने आए थे जबकि टीम अन्ना हमें यह बताने आई थी कि अपने मताधिकार का इस्तेमाल सही ढंग से कैसे करना चाहिए। आजमगढ़ में भी टीम अन्ना की भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में भारी संख्या में लोग जुटे।
इंडिया अगेंस्ट करप्शन के स्वयंसेवकों द्वारा कुंवर सिंह उद्यान में आयोजित इस रैली में सभी वर्गों के लोग नजर आए। चुनावी रैलियों से ये रैली एकदम अलग थी। इसे किसी राजनीतिक दल ने वोट की राजनीति के लिए नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चला रहे टीम अन्ना ने आयोजित किया था। इस रैली में टीम अन्ना सदस्यों ने लोगों से सोच-समझकर वोट देने का आह्वान किया।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर, बलिया, बस्ती, गोंडा, फैजाबाद और बाराबंकी जिले में अभियान के बाद टीम अन्ना ने आजमगढ़, चंदौली, वाराणासी और इलाहाबाद में भी चुनाव प्रचार अभियान को सफलता से पूरा कर लिया है। टीम अन्ना अपने भष्टाचार विरोधी अभियान का तीसरा चरण 13 फरवरी को रायबरेली से शुरु करेगी।












Click it and Unblock the Notifications