पूर्व विधायक शबनम मौसी के पर्चा भरने से प्रत्याशी परेशान

जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कल किन्नर शबनम मौसी ने शहर की कैंट विधानसभा सीट से राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के उम्मीदवार की हैसियत से नामांकन भरा है। उन्होंने नामांकन भरते समय अपने को आजाद नगर और ग्वालटोली कानपुर का निवासी बताया है तथा अपने पास करीब 39 लाख रूपये की चल अचल संपत्ति बताई है जिसमें करीब साढ़े छह लाख रूपये के सोने चांदी के जेवर भी शामिल हैं।
शहर की कैंट सीट मुख्यतया मुस्लिम बहुल सीट है और यहां करीब दो लाख 87 हजार मतदाता हैं। मुस्लिमों की संख्या अधिक देखते हुये भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर शेष सभी प्रमुख दलों ने यहां से मुस्लिम उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा है। कांग्रेस की तरफ से वरिष्ठ नेता अब्दुल मन्नान तो समाजवादी पार्टी की तरफ से हसन रूमी मैदान में हैं।
जबकि बहुजन समाज पार्टी ने सुहैल अंसारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। भारतीय जनता पार्टी ने रघुनंदन सिंह भदौरिया को अपना प्रत्याशी बनाकर टम्प कार्ड खेला है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किन्नर शबनम मौसी के आने से इस क्षेत्र पर अब मुकाबला और अधिक रोमांचक हो जाएगा और उनके आने से उम्मीदवारों के माथे पर चिंता की लकीरें तो खिंच ही गयी हैं।












Click it and Unblock the Notifications