साथी के अपमान से नाराज 7 आईपीएस ने दिया इस्तीफा

इस्तीफा देने वालों में सन्तकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरी, ललितपुर के पुलिस अधीक्षक एल. आर. कुमार, चन्दौली के पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर, गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डा. मनोज कुमार तथा लखनऊ में तैनात हैप्पी गुप्तन एवं विनोद कुमार शामिल हैं। कहा जा रहा है कि उपरोक्त अधिकारी सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता के अचानक किये गये तबादले से नाराज हैं।
अधिकारियों ने गुप्ता का अपमान करने वाले आईएएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आईपीएस एसोसिएशन की आपात बैठक में कहा गया कि सम्बंधित आईएएस अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। एसोसिएशन के सचिव अरुण कुमार ने स्वीकार किया कि सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक के तबादले से अधिकारियों में नाराजगी है।
प्रथम चरण का मतदान सिर्फ दस दिन दूर है और ऐसे में 2006 बैच के आईपीएस अधिकारियों तथा आईएएस के बीच टकराव बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकता है। सूत्रों की माने तो एसोसिएशन ने राज्यपाल बी.एल. जोशी से भी समय मांगा है ताकि आईएएस अधिकारियों द्वारा किये जा रहे उत्पीडऩ से उन्हें अवगत कराया जा सके। ज्ञात हो कि चुनाव आयोग ने कल रात सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया था और डी.के. राय को नया पुलिस अधीक्षक बनाया था।
गत शुक्रवार को एसोसिएशन के सदस्यों ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा और पुलिस महानिदेशक अतुल कुमार से मुलाकात कर बस्ती के मण्डलायुक्त अनुराग श्रीवास्तव द्वारा पुलिस अधीक्षक का अपमान करने का मामला उठाया था। आईपीएस एसोसिएशन ने सम्बंधित आईएएस अधिकारी के खिलाफ कडी कार्रवाई और लिखित माफीनामे की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications