फायदे का सौदा है दिल्ली मेट्रो का स्मार्ट कार्ड

आप दैनिक सफर नहीं करते तो परिवार के किसी सदस्य के सफर को आसान कर सकते हैं। स्मार्ट यात्री बनने से न सिर्फ किराए में 10 फीसदी छूट का लाभ उठा सकते हैं, बल्कि टिकट काउंटर की लंबी कतार, चिल्लर की चिकचिक और मनचाहे स्टेशन पर उतरने की स्वतंत्रता मिल जाएगी। इन्हीं फायदों को आगे रखकर दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने सोमवार से स्मार्ट कार्ड वीक की शुरुआत की है। इसकी थीम बी स्मार्ट, ट्रेवल स्मार्ट, यूज स्मार्ट कार्ड है। बीस भीड़ वाले स्टेशनों पर स्मार्ट कार्ड के लिए 30 जनवरी से 5 फरवरी तक स्पेशल काउंटर चलाए जाएंगे।
डीएमआरसी के अनुसार, 65 फीसदी यात्री स्मार्ट कार्ड से सफर कर रहे हैं। यह संख्या और बढ़ाने के लिए स्मार्ट कार्ड वीक शुरू किया गया है। स्मार्ट कार्ड के साथ पर्यटकों के लिए टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड (एक दिन व तीन दिन) के लिए भी जागरूक किया जाएगा। एक दिन का टूरिस्ट कार्ड 150 रुपये (50 रुपये रिफंडेबल) और तीन दिन का 300 (50 रुपये रिफंडेबल) मिलता है। इस कार्ड को खरीदकर यात्री दिनभर में कहीं भी सफर कर सकता है। दिल्ली मेट्रो में दैनिक 19 लाख यात्री सफर करते हैं जिसमें 6.5 लाख यात्री अभी भी दैनिक टोकन खरीदकर सफर करते हैं। इससे स्टेशनों पर लंबी कतार लगी होती है।
यात्रियों का समय भी खराब होता है। 12 हजार यात्री दैनिक स्मार्ट कार्ड खरीद रहे हैं। स्मार्ट कार्ड कोई भी यात्री 50 रुपये की सुरक्षा राशि देकर खरीद सकता है। न्यूनतम रिचार्ज 100 रुपये और अधिकतम 1000 रुपये तक कराया जा सकता है। इसकी लाइफ 6-7 साल होती है। चांदनी चौक, राजीव चौक, करोल बाग, प्रगति मैदान, लक्ष्मी नगर, जीटीबी नगर, शाहदरा, उत्तम नगर ईस्ट, दिलशाद गार्डन, साकेत, वैशाली, नोएडा सिटी सेंटर, कश्मीरी गेट, एमजी रोड, द्वारका मोड़, आरके आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, चाबड़ी बाजार, शादीपुर और आनंद विहार में अतिरिक्त काउंटर बनाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications