आखिर राहुल को गुस्सा क्यों आ रहा है?
जैसे-जैसे यूपी में चुनावी घमासान नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे प्रदेश में राजनीतिक पारा ऊपर चढ़ता जा रहा है, लेकिन इस बार एक बात गौर करने वाली है और वो यह कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की दिनों-दिन दिमाग गर्म और वाणी तल्ख होती जा रही है।
दूसरे शब्दों में कहे तो मोहक छवि वाले राहुल गांधी अब एंग्री यंग मैन बनते जा रहे हैं। अब इसके पीछे कारण विरोधियों की कड़ी टक्कर है या फिर साख पर लगी उनकी प्रतिष्ठा का खौफ लेकिन सच्चाई यही है कि राहुल गांधी को इस बार गुस्सा आ रहा है।जिसका ताजा उदाहरण दिखा बांदा में, जहां उनका सामना विरोधियों से हुआ तो वो अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाये और सभा बीच में छोड़कर चले गए।
इन दिनों राहुल के भाषणों में चोरों को हटाओ, डाकूओं को भगाओ, दबंगो का सिर कलम करो जैसे शब्दों का प्रयोग बहुतायत में हो रहा है। जबकि इस तरह के शब्द उनके पहले के भाषणों में नहीं दिखायी देते थे, जो कि उन्होंने चुनावी जनसभाओं में दिये थे।
हमेशा सादगी, सौम्यता और मोहकता का परिचय देने वाले राहुल गांधी इस बार प्रचार के दौरान बेहद ही आक्रामक, गुस्सैल और कटु शब्दों का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। अब प्रश्न यह उठता है राहुल अचानक इतने उग्र क्यों हो गये हैं? इसके पीछे की वजह क्या है? यह तो राहुल गांधी का व्यक्तित्व नहीं है, ये वो राहुल गांधी नहीं है जो साल 2009 के आम चुनावों में नजर आये थे।
राजनीतिक पंडितों का कहना है कि इसके पीछे की वजह है राहुल गांधी का खौफ। क्योंकि राहुल गांधी ने डंके की चोट पर ऐलान किया है कि वो इस बार के चुनाव में कांग्रेस को फिर से यूपी में जिंदा कर देगें और जैसे कि पहले से तय है कि यह चुनाव ही साल 2014 में होने वाले आम चुनाव में पीएम का चेहरा तय करेगा जिसके प्रबल दावेदार राहुल गांधी माने जाते हैं। लेकिन अगर इस बार ही राहुल गांधी फ्लाप हो जाते है तो पीएम की कुर्सी भी उनसे बहुत दूर निकल जायेगी।
सबको पता है कि यूपी में कांग्रेस चौथे नंबर की पार्टी है। 20 साल से यूपी में बीएसपी-एसपी का खेल चल रहा है। जिसे बदलने की कोशिश राहुल ने की है और इसी के चलते वो आक्रामक हो गये है खैर देखना दिलचस्प होगा कि राहुल का यह एंग्रीमैन अवतार उन्हें और उनकी पार्टी को कहां लेकर जाता है? उन्हें सत्ता मिलती है या फिर वो बिहार की तरह यहां भी हाथ मलते रह जाते है।













Click it and Unblock the Notifications