यहां जीतेगा भी बादल, हारेगा भी बादल
इस वीआईपी सीट पर हारेगा भी बादल और जीतेगा भी बादल क्योंकि इस सीट पर एक ही परिवार के तीन भाइयों में कांटेदार मुकाबला होने जा रहा है जो अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवार है। जिसमें इस सीट पर लम्बे समय से अपना कब्जा जमाए बैठे पंजाब के वर्तमान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल शरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार है वही हाल ही में शिरोमणि अकाली दल छोड़ कर बनाई गई अपने बेटे मनप्रीत बादल की पीपुलस पार्टी आफ पंजाब के उम्मीदवार गुरदास सिंह बादल अपने बड़े भाई के सामने मैदान में डटें हुए हैं।
उधर कांग्रेस पार्टी ने भी बादलपरिवार में पड़ी इस फूट का लाभ प्राप्त करने के लिए अपने पुराने उम्मीदवार प्रकाश सिंह बादल के भाई महेश इंदर सिंह बादल को अपना प्रत्याशी बनाया है जिससे लम्बी विधान सभा क्षेत्र का चुनाव इस बार बड़ा रोचक हो गया है और इस क्षेत्र में मतदाताओं के लिए भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है कि वह तीनों में से किस बादल को अपना वोट देकर इस क्षेत्र का विधायक चुनकर विधान सभा में भेजे।
देखा जा रहा है कि शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी प्रकाश सिंह बादल इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने लिए पूरा जोर लगाते हुए गांव-गांव जाकर जनसभाएं कर वोटरों को अपनी और खींचने का प्रयास कर रहे हैं। वही मनप्रीत बादल अपने पिता गुरदास सिंह बादल को जितवाने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं और उधर महेश इंदर सिंह बादल भी अपने चुनाव प्रचार में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं और घर-घर जाकर निजी तौर पर वोटरों से मिल कर अपनी स्थिति मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अब देखना यह है कि इस बार ऊंट किस करवट बैठता है ये चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा। लेकिन यह बात तय है कि इन चुनावों में इस बार हारेगा भी बादल और जीतेगा भी बादल।













Click it and Unblock the Notifications