तमिलनाडु में भयंकर चक्रवात की आशंका

तूफान के पश्चिम की ओर बढ़ने तथा अगले कुछ घंटे में दक्षिणी पुडुचेरी के करीब उत्तरी तमिलनाडु तट के पार कर जाने की आशंका है। उसके बाद यह कमजोर होने लगेगा। इस चक्रवात के कारण कल रात चेन्नई में कुछ स्थानों एवं अन्य जगहों पर भारी बारिश हुई और कई जगहों पर पेड़ उखड़ गये। मौसम विभाग के अनुसार तूफान के कारण तमिलनाडु के उत्तरी भाग, पुडुचेरी तथा तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश होगी।
बारिश 25 सेंटीमीटर तक हो सकती है। तूफान के दौरान हवा की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। उसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आएगी। आज सुबह हवा की अधिकतम गति 115 किलोमीटर तथा 125 किलोमीटर प्रति घंटा रिकार्ड की गयी। मौसम विभाग ने कहा है कि मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है।
इस बीच, तूफान के कारण उड़ान सेवा पर भी असर पड़ा है। कुवैत और कुआलालम्पुर जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। राज्य सरकार ने चेन्नई और कुड्डालोर समेत तटीय जिलों के शैक्षिणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। सरकार ने कहा है कि स्थिति पर नजर रखने के लिये अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गयी है। लोक निर्माण विभाग के सचिव एम साईकुमार ने कल बैठक की थी और तूफान के प्रभावों से निपटने के उपायों पर चर्चा की थी।












Click it and Unblock the Notifications