रामलीला मैदान में नहीं दिखी अगस्त की भीड़

अन्ना को समर्थन देने के लिए सुबह नौ बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया। मंच पर पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण, टीम अन्ना के सदस्य प्रशांत भूषण, अरविंद गौड़ और गोपाल राय नजर आए। उन्होंने कहा कि मुंबई में मजबूत लोकपाल की मांग को लेकर अन्ना अनशन पर बैठे हैं। उन्हें देश की राजधानी से समर्थन देने के लिए हम यहां अनशन पर बैठे हैं।
मीडिया कर्मियों से बातचीत में प्रशांत भूषण ने कहा कि संसद में सरकार बार-बार ऐसा बिल ला रही है, जो कमजोर होने के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर अंकुश की बजाए, भ्रष्टाचार को बढ़ाने में मददगार साबित होगा। ऐसे में देश की जनता को जागरूक करने के लिए हम यहां धरने पर बैठे हैं। हम देश की संसद और उसमें बैठे प्रतिनिधियों को यह संदेश देना चाहते हैं कि कानून बनाने पर उनकी मनमानी नहीं चलेगी।
भ्रष्टाचार पर सरकार जन इच्छा की अनदेखी नहीं कर सकती क्योंकि जनता की अदालत सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि टीम अन्ना का जन लोकपाल पर कोई अडियल रुख नहीं है, बल्कि हमने एक रूपरेखा सरकार को दी है, जो भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए मजबूत लोकपाल का दायरा सुनिश्चित करती है। अगर सरकार के पास उससे ठोस कुछ है तो वह लाए, वरना लोकपाल की जगह-जोकपाल न लाए। हमारी सरकार से चार मांगे हैं।
इनमें लोकपाल की चयन प्रक्रिया को सरकार के अधीन करने की बजाए स्वतंत्र निकाय को सौंपी जाए। लोकपाल की बर्खास्तगी सरकार के अधीन न होकर हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के अधीन हो। लोकपाल स्वतंत्र जांच समिति के अधीन हो। इसके अलावा सी और डी श्रेणी के कर्मचारियों को लोकपाल के दायरे में लाया जाए। हमारा अनशन और धरना इसी बात को लेकर है, जिससे सरकार देश को एक मजबूत कानून दे सके।


Click it and Unblock the Notifications
