राहुल के सपने पर चोट करने वाले सासंदों पर होगी कार्रवाई

सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने अपने ऐसे सांसदों को कारण बताओ नोटिस भेज दिया है जिन्होंने लोकसभा में वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। गौरतलब है कि कांग्रेस ने ह्विप जारी कर अपने सभी सांसदों को सदन में मौजूद करने को कहा था। पार्टी ह्विप का उल्लंघन करने पर सांसदों को पार्टी की सदस्यता से भी हाथ धोना पड़ सकता है।
वहीं लोकसभा में हुई फजीहत के बाद अब लोकपाल विधेयक राज्यसभा में फंसता नजर आ रहा है। लोकसभा द्वारा पारित लोकपाल बिल राज्यसभा में आज दोपहर बाद पेश किया जाएगा। संसदीय कार्यमंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि इस सरकार आज दोपहर बाद इस बिल को राज्यसभा में पेश किया जाएगा। वहीं केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी ने कहा है कि लोकपाल बिल पर राज्यसभा में आज बहस की उम्मीद नहीं है और इस पर कल बहस संभव है। जानकार इसे सरकार के ‘फ्लोर मैनेजमेंट’ का हिस्सा मान रहे हैं क्योंकि लोकसभा में वोटिंग के दौरान सरकार की काफी किरकिरी हुई। संविधान के तहत ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि लोकसभा से पारित होने के बाद कोई बिल राष्ट्रपति के पास भेजा जाए। इसके बाद राज्यसभा में पेश किया जाए।
सरकार के रणनीतिकारों को राज्यसभा में नंबर जुटाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी होगी। वहां यूपीए पहले से अल्पमत में है। मुश्किल यह भी है कि राज्यसभा में अगर कोई नया संशोधन आता है तो विधेयक फिर से लोकसभा में लाना होगा। लोकपाल को संवैधानिक दर्र्जा देने का प्रस्ताव लोकसभा में गिर गया। उपधारा-दो में संशोधन प्रस्ताव पर पक्ष में 247 और विरोध में 171 वोट पड़े। चूंकि यह संविधान संशोधन है इसलिए 543 सदस्यों वाले सदन में पक्ष में दो तिहाई बहुमत यानी 272 से कम वोट नहीं होने चाहिए। इसके बाद एक-एक करके सरकार के संवैधानिक संशोधन गिरते गए।


Click it and Unblock the Notifications
