वेस्ट की तरह एंटीबायोटिक बेचने पर रहेगी सख्ती

दवा की एक पर्ची केमिस्टों को रखने की अनिवार्यता का भारी विरोध होने के बाद केंद्र सरकार अब तीसरी पीढ़ी के एंटीबायोटिक और नए अणुओं की दवाओं के कवर पर चेतावनी छापना अनिवार्य करने जा रही है। सिर्फ पंजीकृत डॉक्टरों की पर्ची पर बेचने की नसीहत वाली चेतावनी लाल रंग के बॉक्स में छापी जाएगी ताकि लोग उसे पढ़ सके।
सरकार को आशा है कि चेतावनी के बाद एंटीबायोटिक और जीवन रक्षक दवाएं सीधे तौर पर आम आदमी नहीं खरीद सकेंगे। वर्तमान में औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत शेड्यूल्ड एच अनुसूची में एंटीबायोटिक समेत 536 दवाएं शामिल हैं। इनको डॉक्टरों की पर्ची पर बेचे जाने की हिदायत है, लेकिन हकीकत में इन दवाओं को कई केमिस्ट बिना पर्ची के ही लोगों को बेच देते हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह नीति रोगाणुरोधी के बढ़ते खतरे को देखते हुए जारी किया है। एंटीबायोटिक नीति से सरकार ने इसका उपयोग सीमित करने के लिए डॉक्टरों की पर्ची के बिना दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई थी। दुरुपयोग को रोकने के लिए नई नीति के तहत डॉक्टरों को दो पर्ची मरीज को देनी होगी। एक पर्ची मरीज के लिए और दूसरी केमिस्ट के लिए होगी।
केमिस्ट की पर्ची की जांच लेखा परीक्षक करेंगे, ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि एंटीबायोटिक का सही उपयोग किया गया है या नहीं? जो केमिस्ट नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे उन पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
