दिनदहाड़े चीनी व्यापारी से 11.67 लाख की लूट

गोल बाजार के पीछे दीपक ट्रेडर्स के मालिक रमेश मित्तल आज दोपहर लगभग 12 बजे 11 लाख 67 हजार रुपये ओबीसी बैंक में जमा कराने के लिए दुकान से पैदल ही रवाना हुए थे। अभी रमेश मित्तल दुकान से कुछ दूर ही गए थे कि तीन लोग आए। उन्होंने रमेश मित्तल पर रॉड से हमला कर दिया। रमेश के सिर में चोट लगी तो वह गिर गया और लुटेरे रुपये से भरा बैग छीनकर भाग गए। लूट की घटना को जब तक आसपास के दुकानदार समझ पाते, उससे पहले ही लुटेरे वहां से गायब हो गए। दुकानदारों ने घायल व्यापारी रमेश को अस्पताल पहुंचाया जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लुधियाना रेफर कर दिया।
उधर घटना की सूचना मिलने पर डबवाली शहर थाना प्रभारी महासिंह मौके पर पहुंचे और नाकेबंदी करके लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। बाद में एसपी देवेंद्र यादव ने भी डबवाली पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बताया गया है कि रमेश मित्तल व उनके भाइयों का चीनी का कारोबार है और बैंक में अक्सर बड़ी रकम जमा कराते रहते हैं। रमेश के परिजनों ने ही बताया कि रमेश के पास लगभग 11 लाख 67 हजार रुपये की राशि थी जो लुटेरे ले गए हैं।
बाजार बंद कर लगाया जाम
मंडी डबवाली में लूट की बढ़ती घटनाओं तथा पुलिस के सुस्त रैवेये से खफा दुकानदारों ने आज दोपहर अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दी और एकत्रित होकर गांधी चौक पर पहुंच गए। वहां पर उन्होंने जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना है कि एक सप्ताह में लूट की यह दूसरी वारदात है। गोल बाजार क्षेत्र में ही शराब ठेके से भी 18 हजार रुपये की लूट हुई थी जिसका अभी तक पता नहीं चला है। दुकानदारों का कहना है कि गोल बाजार क्षेत्र में नशेडिय़ों का अड्डा बना हुआ है। वे एक प्लानिंग के तहत लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं मगर पुलिस कुछ नहीं कर रही है। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications