मिर्जा गालिब भी भारत रत्न की दौड़ में शामिल

शायरी से सुप्रीम कोर्ट के फैसले की शुरुआत कर उसका निचोड़ महज दो पंक्तियों में स्पष्ट करने वाले पूर्व न्यायाधीश मार्कण्डेय काटजू ने उर्दू के चाहने वालों से कहा है कि वे मिर्जा गालिब को भारत रत्न दिलाने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से अपील करें। उन्होंने एक मुशायरे के दौरान यह अपील लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और कानून मंत्री सलमान खुर्शीद से भी की थी।
पूर्व न्यायाधीश काटजू ने वरिष्ठ पत्रकार सईद नकवी को लिखे पत्र में कहा है कि मरणोपरांत कई लोगों को भारत रत्न दिया गया है। मिर्जा गालिब भी इस सम्मान के हकदार हैं। उर्दू के चाहने वालों को उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न दिलाने के लिए प्रधानमंत्री से अपील करनी चाहिए। पत्र में पूर्व न्यायाधीश ने कहा है कि जश्न-ए-बहार की ओर से आयोजित किए गए एक मुशायरे में आए लोगों से भी यह अपील उन्होंने की थी।
इस मुशायरे में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, कानून मंत्री खुर्शीद, मुख्य चुनाव आयुक्त सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। पत्र में जस्टिस काटजू ने कहा है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत रत्न दिया जाता है और बहुत सारे लोगों की राय है कि इस सम्मान के लिए वास्तविक हकदारों में मिर्जा गालिब से बड़ा कोई नहीं है। वह हमारे मिश्रित सभ्यता को पेश करने की श्रृंखला में सबसे आगे हैं। इसके बावजूद मिर्जा गालिब को अब तक भारत रत्न का सम्मान नहीं मिला है, जो उन्हें स्वत: मिलना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications