अन्ना के आने की खबर सुन दिल्ली के मौसम ने ली अंगड़ाई

इस बार जंतर-मंतर पर अन्ना का अनशन पश्चिमी विक्षोभ की सर्द हवाओं के बीच होगा। सच पूछिए तो अन्ना का नाम सुनते ही मौसम ने अंगड़ाई ले ली और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद दिल्ली में ठंड बढ़ गई। लेकिन अनशन पर बैठने से पहले अन्ना को दिल्ली पुलिस के कुछ सवालों के जवाब देने होंगे। सवाल हैं- रविवार को जंतर-मंतर पर लग भग कितने लोग पहुंचेंगे? वहां पर आने वाले लोगों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की क्या व्यवस्था है, यानी कितनी एंबुलेंस वहां तैनात रहेंगी? अनशन स्थल पर कितने और कौन-कौन से वीआईपी लोग पहुंच रहे हैं? अन्ना को इन सवालों के जवाब शनिवार की शाम तक देने होंगे, तभी उन्हें रविवार सुबह अनशन पर बैठने दिया जायेगा।
हालांकि अनशन का समय अभी तक निर्धारित नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि उनका अनशन सुबह 8 बजे से शुरू होगा। आज दोपहर एक बजे अन्ना दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से वो सीधे अपनी टीम से मुलाकात करने जायेंगे। टीम में चर्चा के बाद उनका एक प्रतिनिधि आज शाम दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिलेगा और उसे सारी जानकारी देनी होगी।
खबर है कि अन्ना के अनशन में कई बड़े नेता शामिल होंगे। रही बात लोगों की तो मुंबई, बेंगलुरु, चंडीगढ़, लखनऊ, पटना, जयपुर समेत कई शहरों से करीब 10 हजार लोगों के दिल्ली पहुंचेने की उम्मीद है। साथ ही दिल्ली व एनसीआर से 30 हजार लोग पहुंच सकते हैं। इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पीएसी बटालियन तैनात करने का फैसला किया है। साथ ही लोकल इंटेलीजेंस से लेकर आईबी तक के अधिकारी मौके पर तैनात रहेंगे।
विशेष* 11 दिसंबर को वनइंडिया के संवाददाता सीधे जंतर-मंतर से आपके लिए लेकर आयेंगे लाइव अपडेट।












Click it and Unblock the Notifications