c
अयोध्या। बाबरी मस्जिद विध्वंस की 19वीं बरसी से पहले अयोध्या और फैजाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। इस साल बाबरी कांड की बरसी के साथ ही छह दिसंबर को मुहर्रम का दसवां दिन भी पड़ रहा है जिसे मुस्लिम धर्मावलंबियों का एक वर्ग शोक के दिन के तौर पर भी मनाता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आर के चतुर्वेदी ने कहा कि शांति और संप्रदायिक सद्भाव बनाये रखने के लिए हम दोनों समुदायों के साथ संपर्क में हैं।

मंडल आयुक्त मधुसूदन रायजादा और डीआईजी आनंद स्वरूप समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां एक बैठक में सुरक्षा का जायजा लिया। विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस इस दिन अनेक कार्यक्रम आयोजित कर विजय दिवस के रूप में मनाते हैं।आल इन्डिया बाबरी मस्जिद ऐक्शन कमेटी ने अयोध्या में बाबरी मस्जिद के विध्वंस के विरोध में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छह दिसम्बर को कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की है।
कमेटी के संयोजक जफरयाब जिलानी ने आज इस संबंध में जारी एक बयान में कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लोगों को छह दिसम्बर को बाबरी मस्जिद की शहादत के विरोध में कार्यक्रम करने चाहिए और जिला प्रशासन के माध्यम से केन्द्र एवं प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपे जाने चाहिए।
जिलानी ने ऐसे कार्यक्रमों के दौरान आपसी सौहार्द और शांति बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापनों में उनसे बाबरी मस्जिद विध्वंस मुकदमे की सुनवाई में तेजी लाये जाने का आग्रह किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लिब्राहान आयोग की रिपोर्ट में जिन लोगों को दोषी ठहराया गया है ,उनके विरद्ध भी मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। जिनमें से कई के नाम भाजपानीत राजग सरकार के शासन काल में सीबीआई ने निकाल दिये थे।












Click it and Unblock the Notifications