टीम अन्ना उत्तर प्रदेश में करेगी अनशन

अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले इण्डिया अगेंस्ट करप्शन कार्यकर्ताओं ने जनलोकपाल विधेयक की मांग पर आगामी पांच दिसम्बर को उत्तर प्रदेश में अनशन करने का फैसला लिया है और इसी मुद्दे पर जुलूस निकाले जायेंगे। संस्था की नेशनल कोर कमेटी के सदस्य संजय सिंह ने कहा कि यह अनशन सभी जिला मुख्यालयों पर होगा और इसके बाद कार्यकर्ता सशक्त लोकपाल की मांग को लेकर जुलूस निकालेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर हैं। सरकारी स्तर पर भ्रष्टाचार का आलम यह है कि यहां लोग पुलिस थाने, अस्पताल व तहसील आदि स्तरों पर भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं और लोकपाल के दायरे में श्रेणी तीन व चार के कर्मचारियों को लाये बिना भ्रष्टाचार नहीं रोका जा सकता। वहीं अन्ना हजारे स्वयं 11 दिसम्बर को नयी दिल्ली में जन्तर मन्तर पर एक दिन के राष्ट्र स्तरीय अनशन की घोषणा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पांच दिसम्बर का अनशन दिल्ली वाले अनशन की कड़ी में ही होगा। अन्ना टीम का उत्तर प्रदेश में यह अनशन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले अन्ना हजारे यहां अनशन की घोषणा कर चुके थे लेकिन किन्हीं कारणों से वह नहीं आ सके थे। प्रदेश के भ्रष्टाचार को लेकर अन्ना से बराबर यह गुहार लगायी जा रही थी कि वह उत्तर प्रदेश के भ्रष्टाचार को भी उठाये और उसके खिलाफ लोगों को जागरुक करें। अब देखना यह है कि अन्ना टीम का यह अनशन जनलोकपाल के अलावा प्रदेश के भ्रष्टाचार को कैसे उजगार कर पाता है।












Click it and Unblock the Notifications