राहुल की सभा में हुए हंगामे को भाजपा ने बनाया मुद्दा

भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि केन्द्रीय मंत्रियों जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रमोद तिवारी समेत अन्य नेताओं के राहुल की सभा के दौरान हंगामा करने वाले युवक की जिस प्रकार पिटाई की, वह गलत है, उन्होंने इन मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक-दूसरे का विरोध करना स्वाभाविक प्रक्रिया है लेकिन यह विरोध मारपीट तक नहीं जाना चाहिए।
नकवी ने कहा कि सभा के दौरान ऐसा होता रहता है, विरोधियों को मारने-पीटने की बजाय उसे पुलिस के हवाले कर देना चाहिए था। केन्द्रिय मंत्रियों द्वारा ऐसा कृत्य निंदनीय है। उन्हें तो वैसे भी शालीनता का परिचय देना चाहिए। नकवी ने कहा कि टेलीविजन में मारपीट के दिखाये गए दृश्य से इन लोगों को शर्मसार होना चाहिए और अपने कृत्य के लिए स्वयं माफी मांगनी चाहिए।
गौरतलब है कि मंगलवार को फूलपुर इलाहाबाद में जब कांग्रेस महासचिव सभा के लिए पहुंचे थे तो हेलीकाप्टर से उतरते समय कुछ युवकों ने हेलीपैड पर पहुंचकर गांधी को काले झण्डे दिखाये थे। बताया जा रहा है कि विरोध करने वाले यह युवक समाजवादी पार्टी के सदस्य थे। इन युवकों में से एक को जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, प्रमोद तिवारी और विधान परिषद सदस्य नसीब पठान को न्यूज चैनलों पर मारते हुए दिखाया गया था। बहरहाल इन मंत्रियों के खिलाफ युवक की तहरीर पर मंगलवार देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन भाजपा कांग्रेस की खींचतान का मौका नहीं छोडऩा चाहती और उसने इन दोषी मंत्रियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications