'भिखारी कहकर यूपी वालों का अपमान कर गये राहुल गांधी'

युवाओं में जोश भरते हुए राहुल यह कहना है कि प्रदेश में रोजगार के साधन न होने पर यहां के लोग दूसरे राज्यों में भीख मांगते हैं, इस पर पूरे विपक्ष ने निन्दा करते हुए इसे प्रदेशवासियों का अपमान बताया है। भाजपा ने कहा है कि बिहार और उत्तरप्रदेश सहित अन्य हिंदी भाषी राज्य मेहनत की बदौलत अपनी कमाई करते हैं भीख नहीं मांगते, लेकिन राहुल ने यह कह कर उत्तर प्रदेश की जनता के स्वाभिमान पर कुठाराघात किया है कि वे महाराष्ट्र में भीख मांगते हैं।
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की निन्दा करते हुए कहा है कि राहुल गांधी कहते हैं कि यूपी में किसानों पर अत्याचार हो रहा है लेकिन हरियाणा में जब दलितों पर और राजस्थान के गोपालगढ़ में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हुआ तो वह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खामोश रहे।
राहुल के बयान पर सोनिया गांधी को भी लपेटते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कुछ दिन पहले कहा था कि केवल भाषणों सें भ्रष्टाचार दूर नहीं हो सकता, लेकिन कांग्रेस महासचिव यूपी में महज भाषणबाजी ही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल ने प्रदेश के फूलपुर में जो भाषण दिया है उससे उठे सवालों के जवाब राहुल के साथ ही सोनिया को भी देने होंगे।
वहीं समाजवादी पार्टी ने भी राहुल गांधी के इस बयान की निन्दा की है। सपा के वरिष्ठ नेता व महासचिव आजम खां ने कहा कि राहुल ने जो कुछ कहा उससे प्रदेश की जनता का अपमान हुआ है। यदि कोई दूसरे प्रदेश में नौकरी करने जाता है तो वह भिखारी नहीं होता। राहुल की यह सोच देश हित में नहीं है।
प्रदेश की सत्ताधारी बहुजन समाज पार्टी ने महाराष्ट्र और पंजाब जाकर भीख मांगने के आरोप को गलत और अपमानजनक बताया है। पार्टी ने यूपी के पिछड़ेपन, गरीबी और बेरोजगारी के लिए कांग्रेस को ही जिम्मेदार ठहराया है।
गौरतलब है कि राहुल ने भाषण में कहा था कि उत्तरप्रदेश के लोगों की महाराष्ट्र और पंजाब जैसे राज्यों में उनकी मेहनत की वजह से मांग रहती है लेकिन कब तक आप महाराष्ट्र में भीख मांगते रहोगे? कब तक आप पंजाब में मजदूरी करोगे?












Click it and Unblock the Notifications