कलराज ने पूछा- कब टूटेगा सोनिया गांधी का मौन?

भारतीय जनता पार्टी ने देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की चुप्पी पर आश्चर्य व्यक्त किया है। भाजपा उपाध्यक्ष व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के संयोजक कलराज मिश्र ने कहा कि भ्रष्टाचार व काला धन के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष तथा पार्टी महासचिव राहुल गांधी की चुप्पी काला धन और भ्रष्टाचार की वापसी की मांग करने वाले धर्मगुरुओं पर अर्धरात्रि में लाठीचार्ज व पुलिस सक्रियता कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार एवं काले धन की बात करने वाला हर व्यक्ति इनको भाजपा और आरएसएस का एजेण्ट दिखाई पड़ता है। भाजपा ने संसद के शीतसत्र के पहले केन्द्र सरकार विदेश में काला धन जमा करने वालों का नाम सार्वजनिक करते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
भाजपा के निशाने पर कांग्रेस के साथ-साथ बसपा भी रही है। कलराज मिश्र ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य तो बेहाल हैं ही वहीं यूपी का भी यही हाल है। बसपा की सरकार भी अपने विरुद्ध भ्रष्टाचार की बात करने वालों को पागल करार देती है और आत्महत्या के लिए विवश करती है। दलितों की राजनीति करने वाली बसपा के शासन में सबसे ज्यादा उपेक्षित व उत्पीडि़त दलित वर्ग ही रहा है।
उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती यह जान चुकी हैं कि अब उनकी सत्ता वापसी सम्भव नहीं है। जनता का सामना करने का नैतिक साहस नहीं रह गया है इसलिए मायावती लोक लुभावन घोषणाएं एवं जातीय सम्मेलन करके अपने पक्ष में वातावरण बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की निचली इकाई में स्थानीय निकाय चुनाव सरकार चाहती तो करा सकती थी।
इस बार अपनी हार सुनिश्चित जान उसने चुनाव ही टाल दिया। यह सरकार ऐसी है जिसके शासन में थाने में बलात्कार होता है, पुलिस हिरासत में मौत होती है और पुलिसकर्मी ही लूटपाट में शामिल पाये जाते हैं। कलराज मिश्र ने कहा कि विगत तीन माह में जहां पूरे देश में 18 हजार 772 मामले दर्ज हुए जिनमें 11 हजार मामले अकेले उत्तर प्रदेश के हैं जिसमें 500 सिर्फ पुलिस ज्यादती के हैं।












Click it and Unblock the Notifications