चुनाव आयोग बतायेगा पोलिंग स्टेशन का रास्ता

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे प्रदेश चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा के मुताबिक चुनाव में वोटरों के घर भेजी जाने वाली वोटर स्लिप के पीछे पोलिंग स्टेशन का नक्शा भी छापा जायेगा। इसके जरिए वोटर को अपने पोलिंग स्टेशन जाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
चुनाव आयोग ने यह महसूस किया है कि कई बार वोटर को पोलिंग स्टेशन का रास्ता नहीं पता चल पाता है, इधर-उधर भटकने के बाद आखिरकार वह वोट नहीं डाल पाता है। वोटर प्रतिशत कम होने के एक वजह यह भी है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि आयोग के इस प्रयास से वोट प्रतिशत में इजाफा जरूर होगा।
वहीं वोट डालने से कोई मतदाता वंचित न रह जाये, चुनाव आयोग ने इसकी भी पुख्ता व्यवस्था की है। यह तय किया गया है कि नामांकन के अंतिम दिन तक मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराया जायेगा। आयोग को मतदाता पहचान पत्र में त्रुटियों की भी कई शिकायतें लगातार मिल रही हैं, इसके लिए आयोग त्रुटियों के सुधार की प्रकिया फिलहाल जारी रहेगा।
राजधानी के कई पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने के बात श्री सिन्हा ने कहा कि यह अच्छी बात है कि इस कार्य में लगे अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्वों को तत्परता से निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 25 जनवरी मतदाता दिवस के मौके पर पूरे प्रदेश में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस दिवस पर चुनाव आयोग वोटरों को शपथ दिलाते हुए फोटो आईडी देगा।












Click it and Unblock the Notifications