चुप रहकर सोनिया भ्रष्टाचार को दे रही हैं बढ़ावा

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह तथा उपाध्यक्ष कलराज मिश्र ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का लिखित बयान सही है कि भाषणों से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता लेकिन यह भी सच है कि चुप रहने से भ्रष्टाचार बढ़ता है। राजनाथ ने कहा कि श्रीमती गांधी भ्रष्टाचार के खिलाफ चुप हैं और उनके सहयोगी इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर तीखे हमले कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सब श्रीमती गांधी की रजामंदी से ही हो रहा है। उन्होंनें कहा कि टूजी स्पेक्ट्रम, राष्ट्रमंडल खेल और आदर्श सोसायटी घोटालों से केन्द्र सरकार की गिरी छवि के सम्बन्ध में सोनिया गांधी मौन हैं। राजनाथ ने कहा कि श्रीमती गांधी अन्ना टीम पर तो हमले करती हैं लेकिन ऐतिहासिक घोटालों के बारे में चुप रह जाती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना व अन्य योजनाओं में हुए घोटालों का जिक्र करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि यहां करीब दो लाख करोड़ की धांधली के बारे में भाजपा ने राज्यपाल को अवगत करा दिया है।
प्रदेश की मायावती सरकार पर भी तीखे प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि वह इन घोटालों की जांच सीबीआई से कराने से कतरा रही हैं। मायावती बात-बात में प्रधानमंत्री मनमोहन ङ्क्षसह को पत्र लिखकर जनता को गुमराह कर रही हैं। भाजपा ने भ्रष्टाचार व महंगाई के लिए कांग्रेस व बसपा दोनों को ही जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा ने मायावती के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में एक और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कलराज मिश्र ने कहा कि बसपा सरकार के कई मंत्री अकूत सम्पत्ति अर्जित करने में लगे हैं।
उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री मायावती के साथ ही इन मंत्रियों की सम्पत्ति की भी जांच होनी चाहिए मिश्र ने कहा कि भ्रष्टाचार केन्द्र और प्रदेश सरकार का संयुक्त उपक्रम हो गया है, दोनों एक दूसरे का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब भाजपा भ्रष्टाचार के इस संयुक्त उपक्रम पर भाजपा ताला लगायेगी। उन्होंने कटाक्ष किया कि जनसमस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए दोनों में पत्र युद्ध चल रहा है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि भ्रष्टाचार, कालेधन, आय से अधिक सम्पत्ति के मामलों में शामिल लोगों और पार्टियों पर चुनाव लडऩे से रोक लगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications