3 साल में 151 बार जेल से बाहर आए नीतीश कटारा के हत्यारे

नीतीश कटारा हत्याकांड के मुजरिम विकास और विशाल यादव ने अपनी ही बहन के दोस्त नीतीश की हत्या कर दी थी। अदालत ने इन्हें उम्रकैद की सजा दी है लेकिन इस सजा को इन्होंने मजाक बना दिया है कि सजा के ऐलान के बाद 36 महीने में दोनों अब तक 151 बार बीमारी का बहाना बनाकर जेल से बाहर आए हैं। यानि हर महीने में कम से कम तीन बार विकास और विशाल यादव बीमारी का इलाज कराने के लिए जेल से बाहर आए हैं। सबसे ताजा मामला है 10 अक्टूबर का जब विकास यादव ने एम्स में 25 दिन बिताए। विकास ने अपनी बीमारी बताई कमर दर्द, खांसी और डायबिटीज लेकिन एम्स में 25 दिन बिताने के बाद विकास ने बिना जांच-पड़ताल के ही कमरा छोड़ दिया।
ध्यान दीजिए ये ऐसी बीमारी थी जिसकी जांच कराने तक की जरूरत नहीं समझी गई। बावजूद इसके विकास यादव ने 25 दिन एम्स में गुजारे।
विकास यादव एम्स के न्यू प्राइवेट वार्ड के कमरा नंबर 3002 में रुका था। 25 दिन तक प्राइवेट कमरे में रहकर विकास यादव ने ऐश की जिंदगी काटी। लेकिन जैसे ही मीडिया को जानकारी हुई ये कमरा खाली करा लिया गया। हमसे कहा गया कि विकास यादव को डिस्चार्ज कर दिया गया है। उधर जेल के अधिकारियों का दावा है कि हर कैदी को इलाज कराने का पूरा अधिकार है। जेल के डाक्टर की सलाह पर कैदी को बाहर भेजा जाता है। इस लिहाज से विकास और विशाल के मामले में कोई गलती नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications