राहुल के औचक दौरे से माया परेशान, केन्द्र को भेजा खत

यहां आपको बताते चले कि दो दिन पहले बिना किसी पूर्व सूचना के वाराणसी पहुंचे राहुल गांधी ने अपनी पार्टी समेत प्रदेश के पूरे प्रशासन को चौंका कर रख दिया। उनका दौरा अभी भी अघोषित है, वो लगातार पिछले दो दिनों से पूर्वांचल यानी चंदौली, मिर्जापुर, भदोही और जौनपुर का दौरा कर रहे हैं और यूपी सरकार को जमकर कोस रहे हैं।
इस समय सबकी निगाहें यूपी की ओर लगी हुई हैं। अगले साल यहां विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। देश के सबसे ज्यादा विधानसभा सीटों वाले इस राज्य की सत्ता को पाने का सपना हर बड़ी पार्टी देख रही है। चाहे वो बसपा हो, भाजपा हो, सपा हो या फिर कांग्रेस। सभी को इस समय यूपी के सीएम की कुर्सी दिख रही है। इसी के मद्देनजर यूपी में यात्राओं का दौर चल रहा है।
आपको जानकर हैरानी होगी कि यूपी में इस समय अलग-अलग 6 बड़ी यात्राएं हो रही है। लेकिन जितना इन यात्राओं ने पब्लिसिटी नहीं बटोरी उससे कहीं ज्यादा सुर्खियों में राहुल का औचक निरीक्षण रहा। दलितों के साथ बैठकर और मुस्लिम आरक्षण का राग अलाप कर राहुल लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहे हैं। जिससे तिलमिलायी यूपी सरकार ने राहुल की सुरक्षा का मुद्दा उठा लिया है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून) एसके सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि राहुल गांधी के औचक दौरों के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। उनके मुताबिक कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की सुरक्षा प्राप्त है, ऐसे में ये उम्मीद की जाती है कि उनके दौरे के बारे में पहले से सूचना दे दी जानी चाहिए ताकि उसके अनुरूप सुरक्षा के इंतजाम किए जा सके। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से पहले भी कई बार राहुल के औचक दौरों के संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आपत्ति जताई जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications