भाजपाइयों ने दिग्गी को दिखाया काला झंडा

बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को आज चंदौली जिले के मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर काले झंडे दिखा रहे भाजपा कार्यकर्ता और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गयी। सूत्रों के मुताबिक सिंह राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना होने के लिये प्रतीक्षालय में बैठकर इंतजार कर रहे थे। उसी समय महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा के कुछ कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पहुंच गये।
हाथों में काले झंडे लिये भाजपा कार्यकर्ता तेजी से बढ़ती महंगाई के लिये कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। इस पर वहां मौजूद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गयी। बहरहाल, सूत्रों ने बताया कि गाजीपुर से मुगलसराय पहुंचे सिंह प्रतीक्षालय में बैठे रहे और भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता वहां दाखिल नहीं हुआ। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने कहा कि काले दिल वाले भाजपा के कार्यकर्ताओं से इससे अच्छे की उम्मीद नहीं की जा सकती।












Click it and Unblock the Notifications