परिवार पर गोलियां चलाने वाला गिरफ्तार

जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र दांगी ने बताया कि गांव माछरौली वासी महाबीर को गिरफ्तार करने में सब इंस्पैक्टर चंद्रगुप्त की टीम ने कामयाबी हासिल की है। उसे पकडऩे के बाद की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है और उसने पुलिस को वह पिस्टल भी बरामद कराई है, जिसका इस्तेमाल उसने इस वारदात को अंजाम देने में किया था।
यहां बताते चलें कि जिले के गांव माछरौली में रहने वाली कमलेश पत्नी महाबीर एवं उसके बेटे विशाल तथा ससुर राजसिंह को दीपावली की रात को गोलियां लगने के बाद उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। बाद में कमलेश ने पुलिस को दिए ब्यान में आरोप लगाते हुए बताया था कि उसके अलावा उसके ससुर तथा बेटे पर खुद उसी के पति महाबीर ने शराब के नशे में धुत होकर फायर किए हैं।
कमलेश ने पुलिस को बताया था कि उसका पति महाबीर गुडग़ांव में नौकरी करता है और शराब पीने का आदी है। दीपावली को भी शराब के नशे में घर पर आया था और इसी बात को लेकर उसकी अपने पति से कहासुनी हुई थी, जिससे गुस्सा होकर उसके पति महाबीर ने बाद में उस पर गोलियां चला दी। बेटे विशाल एवं ससुर राज सिंह ने उसे बचाने का प्रयास किया तो महाबीर ने उनको भी गोलियां मार कर जख्मी कर दिया। इस ब्यान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और उसी रोज से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications