'गैंग ऑफ फोर' के सदस्य कौन हैं अन्ना जी : दिग्विजय सिंह
उन्होंने साफ तौर पर अन्ना जी से सवाल किये हैं कि कृपा करके अन्ना जी उन चारों का नाम बताये जिनके लिए उन्होंने गैंग ऑफ फोर शब्द का इस्तेमाल किया है और कहा कि ये चारों सदस्य उनकी टीम का चीर हरण करने वाले हैं। दिग्गी ने कहा इस तरह से पूरी पार्टी पर उंगली उठाना कहां का इंसाफ है और कितना नैतिक हैं। अन्ना को जिनसे शिकायत हैं कृपा करके वो उनका नाम तो लें। दिग्विजय सिंह ने यह बात टि्वटर के जरिये कही है।
गौरतलब है कि समाजसेवी अन्ना हजारे ने अपने ब्लॉग पर अपनी टीम सदस्यों पर हो रहे वारों के लिए गैंग ऑफ फोर को जिम्मेदार ठहराया है। लेकिन गैंग ऑफ फोर शब्द उन्होंने किसके लिए इस्तेमाल किया है, इस बात का खुलासा उन्होंने नहीं किया है। जाहिर है कि अन्ना की ओर से गैंग ऑफ फोर का लिखा जाना बड़ी बात है इसलिए कयासों का दौर गर्म हो गया है।
लोग तरह-तरह से अपने विचार दे रहे हैं, कि वो चार सदस्य कौन हो सकते हैं जिन पर अन्ना हजारे ने अपनी टीम के सदस्यों को बदनाम करने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि अन्ना हजारे ने कहा है कि चार लोगों की दुष्ट चौकड़ी जान-बूझकर टीम अन्ना को बर्बाद और बदनाम करने की कोशिश कर रही है। यह चार सदस्य कौन हैं, इस बारे में उन्होंने लिखा है कि ये वही लोग हैं जो जन लोकपाल के समर्थन में नहीं हैं।
इन दिनों मौन व्रत धारण किए हुए अन्ना हजारे ने अपने ब्लॉग पर लिखा कि अगर सरकार को यह लगता है कि बेदी ने पैसों का उपयोग अपने निजी फायदे के लिए किया तो इसकी जांच होनी चाहिए और अगर वह दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। लेकिन जब तक कुछ साबित नहीं हो जाता लोगों के खिलाफ बयानबाजी नहीं होनी चाहिए।
किरण बेदी का बचाव करते हुए अन्ना हजारे ने साफ लिखा किया है कि कुछ लोगों का यह मंत्र बन गया है कि वे लोगों को आरोपी ठहराएं और उन्हें अपमानित करें। यह पहली बार नहीं है कि किरण बेदी पर आरोप लगे हैं, टीम अन्ना के कई सदस्यों पर आरोप लगाए गये हैं और 'चार लोगों का समूह' चरित्र हनन तक पर उतारू हैं।













Click it and Unblock the Notifications