हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पाक से भारत पहुंचा हेलीकॉप्टर 'चीता'

सूत्रों ने बताया कि सेना एविएशन कोर का यह हेलीकॉप्टर एक अन्य चीता हेलीकाप्टर में आई खराबी को दूर करने लेह से बिम्बट की ओर जा रहा था, लेकिन खराब मौसम व दृश्यता में कमी के कारण रास्ता भटक गया और दोपहर करीब सवा बजे द्रास सेक्टर से नियंत्रण रेखा के पार पीओके के गुल्टारी सेक्टर में दाखिल हो गया। हेलीकाप्टर में दो पायलट मेजर कपिला और मेजर राजा के अलावा एक मेंटेनेंस इंजीनियर लेफ्टिनेंट कर्नल वर्मा और एक मेंटेनेंस जेसीओ नायब सूबेदार अभिलाष कुमार सवार थे।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान पहुंचे हेलीकॉप्टर की वापसी के लिए सेना और कूटनीतिक स्तर पर दोपहर से ही सरगर्मी शुरू हो गई थी। इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास को बातचीत में शामिल करने के साथ ही दोनों सेनाओं के बीच मौजूद चैनल का भी इस्तेमाल किया गया। दोतरफा प्रयासों के बाद अंतत: शाम को हेलीकॉप्टर समेत सेना के चारों अधिकारी करगिल लौट आए। सूत्र बताते हैं कि पाकिस्तान नहीं चाहता था कि इस घटना के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बात आगे बढ़े। अगले सप्ताह मालदीव में सार्क सम्मेलन है।
यदि इस मामले में कुछ भी गलत होता तो पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिदगी उठानी पड़ सकती थी। विदेश मंत्रालय की तरफ से तेजी से हुए कूटनीतिक प्रयासों ने भी पाक को तत्काल हेलीकॉप्टर व अफसरों को छोड़ने का फैसला करना पड़ा। वैसे भी अभी दो दिन पहले ही भारत ने गलती में भारतीय सीमा में प्रवेश कर गये एक बच्चे को एक दिन के भीतर ही पाक को लौटा दिया था। हालांकि इससे पहले पाक सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अतर अब्बास ने इसे वायुसीमा उल्लंघन करार देते हुए हेलीकॉप्टर के स्कार्दू क्षेत्र के ओल्डिंग सेक्टर में उतरने की पुष्टि की। उन्होंने इस बात की भी तस्दीक की थी कि हेलीकॉप्टर में सवार फौजी सुरक्षित है।
ज्ञात हो,यह वही इलाका है जहां कारगिल युद्ध के दौरान स्क्वाड्रन लीडर अजय आहुजा का विमान मार गिराया गया था। वहीं इस अभियान के दौरान विमान के दुर्घटना ग्रस्त होने के बाद फ्लाइट लेफ्टिनेंट नचिकेता को पाक सेना ने कुछ दिनों अपने कब्जे में रखने के बाद लौटाया था। वहीं भारत ने पाकिस्तान के इस सहृदयता को दिल से स्वीकार करते हुए उसकी तारीफ की है और आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ होने की संभावना जतायी है। लेह से बिम्बट जा रहा भारतीय वायुसेना का एक चीता हेलीकॉप्टर रविवार दोपहर को खराब मौसम के चलते रास्ता भटक कर गुलाम कश्मीर पहुंच गया था। जिसके बाद पाकिस्तानियों ने उन्हें बंधक बना लिया था।












Click it and Unblock the Notifications