मंगू सिंह होंगे मेट्रो के नए बॉस

डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक पद के लिए जिन छह लोगों को शार्टलिस्ट किया गया था उनमें भारतीय रेल के एडिशनल जनरल मैनेजर विपिन झा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (निर्माण, दक्षिणी पूर्वी रेलवे) सुधीर मित्तल, मैनेजिंग डायरेक्टर आरके गुप्ता, रेल विकास निगम लिमिटेड के निदेशक विजय आनंद, डीएमआरसी में ही निदेशक (निर्माण) तथा कार्यकारी निदेशक (इलेक्टि्रक) पद पर काम करने वाले मंगू सिंह तथा शरत शर्मा के नाम शामिल है। सूत्रों के अनुसार साक्षात्कार के बाद तीन सदस्यीय चयन समिति जिसमें दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव, केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव व डीएमआरसी के मौजूदा एमडी ई.श्रीधरन ने मंगू सिंह का नाम डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक पद के लिए मंत्रालय को भेजा है।
फिलहाल दिल्ली मेट्रो में निदेशक (निर्माण) की जिम्मेदारी निभा रहे मंगू सिंह ने अपने करियर की शुरूआत बतौर सिविल इंजीनियर के रूप में की थी। कोलकता मेट्रो के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मंगू सिंह ने दिल्ली मेट्रो के पहले व दूसरे चरण के तहत हुए सिविल निर्माण कार्य में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन को तैयार करने का श्रेय भी इनके नाम है। इतना ही नहीं दिल्ली के अलावा देश के अन्य महानगर में मेट्रो दौड़ाने की जो तैयारी हो रही है इसमें बतौर सलाहकार मंगू सिंह की भूमिका अहम है। नए उत्तराधिकारी का कार्यकाल पांच वर्ष के लिए होगा। कार्यकाल पहली जनवरी 2012 से शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications