हिसार में अन्ना इफेक्ट- कुलदीप बिश्नोई जीत के बेहद करीब

कुलदीप बिश्नोई सुबह 11:20 बजे तक के रुझानों में कुलदीप बिश्नोई 2,53,041 वोटों के साथ नंबर वन पर चल रहे हैं। वहीं इंडियन नेशनल लोक दल के अजय चौटाला 2,14,643 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर और कांग्रेस के जय प्रकाश 94,799 वोट के साथ तीसरे स्थान यानी हार के बेहद करीब हैं।
मतगणना के ठीक पहले तक यह कयास लगाये जा रहे थे कि टीम अन्ना द्वारा किये गये कांग्रेस के खिलाफ प्रचार के कारण कांग्रेस इस सीट पर जीत नहीं पायेगी। खैर वैसा ही हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश सबसे पीछे हैं और उनकी जीतने की उम्मीदें खत्म हो चुकी हैं। क्या यह टीम अन्ना का ही इफेक्ट है, इस बात पर जनता और कुलदीप की अलग-अलग राय है।
कुलदीप बिश्नोई ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर वो जीतते हैं तो वो टीम अन्ना की देन नहीं बल्कि जनता का वो विश्वास है, जो उन्होंने खुद हांसिल किया है। उनका कहना है कि टीम अन्ना के कारण भाजपा-हजका गठबंधन को जीत नहीं, बल्कि कांग्रेस को हार मिली है। वहीं जयप्रकाश का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि टीम अन्ना के अभियान की वजह से कांग्रेस के वोट प्रभावित हुए हैं, बल्कि लोग यहां जातिवादी राजनीति पर ज्यादा विश्वास करते हैं।
जनता की बात करें तो हिसार के अनाज मंडी इलाके के निवासी अभितेंद्र सिंह ने वनइंडिया से बातचीत में कहा कि हांसी से कुलदीप की जीत तो पक्की थी। रही बात बाकी के इलाकों की तो हिसार में जातिवाद की वजह से काफी वोट गिरते हैं। इसी का लाभ कुलदीप को मिला है। वहीं विद्युतनगर निवासी व सरकारी कर्मचारी आनंद कुमार का कहना है कि अजय चौटाला भी जीत सकते हैं, क्योंकि टीम अन्ना के अभियान का असर सिर्फ कांग्रेस पर पड़ा है।
अब आप बताइये कि कुलदीप अपने दम पर जीतेंगे या अन्ना की वजह से। अपनी प्रतिक्रिया नीचे कमेंट बॉक्स में लिखें।












Click it and Unblock the Notifications