काशीराम की वसीयत मुताबिक अपनी मूर्तियां लगवाई: मायावती

बसपा प्रवक्ता ने कहा कि राजधानी लखनऊ व नोएडा में जो मूर्तियां, स्मारक व संग्रहालय बने हैं उनका बनाया जाना आवश्यक है ताकि लोगों को पता चले कि इन महापुरूषों ने भी दलितों व देश के विकास में योगदान दिया है। प्रवक्ता ने कहा कि लखनऊ व नोएडा स्थित स्थलों व स्मारकों में स्थापित मुख्यमंत्री मायावती की प्रतिमाएं बसपा के जन्मदाता और संस्थापक कांशीराम की दिली इच्छा और वसीयत के अनुसार लगायी गयीं।
उन्होंने कहा कि यदि एक दलित की बेटी द्वारा सर्वसमाज के सम्मान में कोई कार्यक्रम या लोकार्पण किया जाता है तो उसके सजीव प्रसारण को लेकर दलित विरोधी मानसिकता से ग्रस्त विरोधी दलों को कष्ट होता है लेकिन जब उनकी पार्टी के कार्यक्रम का प्रसारण होता है तो कोई आपत्ति नहीं होती। बसपा का कहना है कि गैर बसपा दलों ने हमेशा दलित नेताओं व महापुरूषों की उपेक्षा की। यदि ऐसा न होता तो देश के निर्माण में योगदान देने वाले दलित महापुरूषों के नाम पर भी स्मारक व संग्रहालय बनाए जाते।
पूर्व केन्द्र व राज्यों में रही सरकारों ने हमेशा अपने दलों के मसीहाओं व नेताओं के नाम पर संग्रहालयों का निर्माण कराया लेकिन बसपा ने ऐसा किया तो सभी ने उस पर उंगली उठानी शुरू कर दी। यदि दलित महापुरुषों के सम्मान में स्मारक, संग्रहालय या पार्क बनवाये होते तो इस सरकार को इन्हें बनाने की कोई जरुरत ही नहीं पड़ती। बसपा प्रवक्ता ने कहा कि दलित एवं पिछड़े वर्ग के विरोधी दलों को इन स्मारकों के बारे में यह जानकारी होनी चाहिए कि इन संग्राहालय व स्मारक से होने वाली आय स्मारक बनाने में खर्च हुई धनराशि से कहीं अधिक होगी जो सीधे राज्य सरकार के खाते में जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल यह भी भूल गये हैं कि इन स्मारकों को लेकर जनता के दिल में काफी आस्था है जिसका लाभ सरकार को ही होगा।


Click it and Unblock the Notifications
