वह दिन दूर नहीं जब तिहाड़ में होगी कैबिनेट बैठक: आडवाणी

आडवाणी ने उमरिया जिले में जनचेतना यात्रा के दौरान समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र के लिए यह सच में दुर्भाग्यपूर्ण है कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे संप्रग मंत्री जेल में जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि वह बुरा दिन दूर नहीं है जब संप्रग सरकार को तिहाड़ जेल में अपनी कैबिनेट बैठक बुलानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भारत में भ्रष्टाचार के इतने मामले शायद पहले कभी सामने नहीं आए होंगे जितने यूपीए सरकार के दौरान आए हैं।
आडवाणी 2जी स्पेक्टम और राष्ट्रमंडल खेल मामलों के संबंध में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा, डीएमके सांसद कनिमोझी और कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी के गिरफ्तार होने के संदर्भ में बोल रहे थे। भाजपा नेता ने कहा कि इन नेताओं के खिलाफ संप्रग सरकार के अच्छे इरादे की वजह से नहीं बल्कि उच्चतम न्यायालय के हस्तक्षेप की वजह से कार्रवाई संभव हुई।


Click it and Unblock the Notifications
