यूपी में मिलीजुली सरकार बनेगी: शरद यादव

शरद यादव ने कहा किउत्तर प्रदेश में कोई पार्टी नहीं व्यक्ति की सरकार है। उन्होंने केन्द्र में मध्यावधि चुनाव की अटकलों से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि हालात बदले रहे हैं चुनाव की कोई भी संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि जद यू की प्रदेश इकाई सीटों की संख्या तय कर भेजेगी उसके बाद भाजपा नेतृत्व से बात की जाएगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव प्रचार में बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के आने के बारे में उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
यादव ने जन लोकपाल बिल का समर्थन करते हुए कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में इस बिल का पास कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि देश में फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं जमीन अधिग्रहण विधेयक में कुछ बदलाव कर उसे भी पारित कराए जाने की कोशिश होगी। भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की जन चेतना यात्रा के विषय में यादव ने कहा कि इससे जनता में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता अवश्य बढ़ेगी तथा लोगों को अहसास होगा कि देश के समुचित विकास के लिए भ्रष्टाचार का मिटना आवश्यक है।
नब्बे के दशक में आडवाणी की सोमनाथ से अयोध्या तक निकली यात्रा को बिहार में रोके जाने के बारे में यादव ने कहा कि उस वक्त स्थितियां व मुददे कुछ और थे लेकिन आज स्थितियां कुछ और हैं। अन्ना हजारे की कांग्रेस को हराने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत पहले से ही पतली है ऐसे में अपील करने की कोई जरूरत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications