दाउद के बेटे के वलीमे में आईएसआई व पाक सेना ने उडा़ई दावत

भारतीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार दाउद के मामले में हमेशा से पल्ला झाड़ने वाले पाकिस्तान के चेहरे से अब नकाब उतर गया है। प्राप्त रिपोर्ट में यह कहा गया है कि पाकिस्तान को दाउद के बारे में सबकुछ पता है। इतना ही नहीं अगर रिपोर्ट की मानें तो पिछले महिले दाउद के बेटे की शादी में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के उच्चाधिकारियों ने शिरकत भी की थी।
खुफिया विभाग की ओर से तैयार किये गये रिपोर्ट के मुताबिक पिछले महिने के 25 तारीख को कराची के सबसे पॉश इलाके क्लिफटन स्थित दाउद के आलीशान बंगले व्हाइट हाउस में दाउद के बेटे मोइन नवाज का रिसेप्शन रखा गया था। रिसेप्शन (वलीमे) में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने भी शिरकत की थी। खुफिया रिपोर्ट में दाऊद के करीबी उन उद्योगपतियों का नाम भी उजागर किया गया है, जो अंडरवर्ल्ड डॉन की ओर से बेटे की शादी की खुशी में दी गई दावत में मौजूद थे।
रिपोर्ट की मानें तो वलीमे में आईएसआई के तीनों प्रमुख युनिट्स स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), ज्वाइंट इंटेलीजेंस ब्यूरो (जेआईबी) और एक्सटर्नल इंटेलीजेंस विंग (ईआईडब्ल्यू) के अधिकारियों ने शिरकत की थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि दाऊद के सहयोगी माने जाने वाले जेआईबी के ब्रिगेडियर राशिद ने भी दावत का लुत्फ उठाया था। माना जाता है कि राशिद के बच्चों की विदेश में पढ़ाई को दाऊद ही फायनेंस कर रहे हैं।
एसओजी के कर्नल अशवाक अहमद और मेजर शाहिद खान व एसओजी कमांडो यूनीट के प्रमुख कर्नल अहमद भी वलीमे में मौजूद थे। इसके अलावा पाकिस्तान रेंजर्स के दो अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अशिदर रहमान और लेफ्टिनेंट कर्नल शुज-उल-पाशा को भी वलीमे की दावत का लुत्फ उड़ाते देखा गया। भारतीय खुफिया विभाग के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट में हमें पाकिस्तान आर्मी के कई अन्य अधिकारियों के भी वलीमे की दावत में शामिल होने की खबर मिली है।
आपको बताते चलें कि दाउद इब्राहिम 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों का मुख्य आरोपी है। इस धमाके के बाद से ही वह पाकिस्तान में छुप कर बैठा हुआ है। भारत मोस्ट वांटेड आतंकी दाऊद के पाक में छिपे होने का दावा करते हुए कई बार पाकिस्तान से उसके प्रत्यपर्ण की मांग कर चुका है, लेकिन पाक ने हर बार दाऊद के पाकिस्तान में होने से इनकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications