चेतन भगत की नई किताब 'रिवोल्यूशन 2020' लांच

इस मौके पर फिल्म रॉकेट सिंह से चर्चा में आई अभिनेत्री व मॉडल शाजान पदमासी भी मौजूद थीं। चेतन भगत ने कहा कि उनकी यह किताब लव स्टोरी है, जो आज के युवाओं को ध्यान में रखकर लिखी गई है। उन्होंने बताया कि यह छोटे शहर में रहने वाले युवाओं के जीवन पर केंद्रित है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह किताब युवाओं को पसंद आएगी। इस दौरान चेतन ने कई पाठकों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
बॉलीवुड के लिए स्कि्रप्ट नहीं लिखेंगे चेतन भगत
युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय लेखक चेतन भगत की किताब का पाठकों के साथ बॉलीवुड को भी बेसब्री से इंतजार रहता है। उनकी नई किताब रिवॉल्यूशन 2020 शुक्रवार को बाजार में आ गई और साथ ही इस पर फिल्म बनाने की चर्चा भी शुरू हो गई है, लेकिन चेतन फिल्मों के लिए स्क्रिप्ट नहीं लिखना चाहते। एक साक्षात्कार में चेतन ने कहा, मैं अपनी किताबों को लेकर काफी व्यस्त हूं, मुझे स्क्रिप्ट लिखने में कोई समस्या नहीं है, पर यहां कई लोग है जो स्क्रिप्ट लिख सकते हैं।
लेकिन बहुत कम ऐसे हैं जो अपनी किताब द्वारा कमाल कर सकते हैं। इसलिए मैं किताब लिखना ही चाहूंगा। उन्होंने कहा मुझे लगता है कि आज की इस तकनीकी युग में किताब का आकर्षण कायम रखने की जरूरत है। कई लोग हैं, जो पढ़ना चाहते हैं और मैं उनकी इच्छा जिंदा रखना चाहता हूं। अब तक चेतन भगत की दो किताबों पर फिल्में बन चुकी हैं।
उनके पहले उपन्यास फाइव प्वाइंट समवन पर बनी फिल्म थ्री इडियट्स ने बॉक्स आफिस पर जहां कई रिकॉर्ड बनाए तो वन नाइट एट कॉल सेंटर पर बनी फिल्म हैलो को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। चेतन की और दो किताब द थ्री मिस्टेक ऑफ माई लाइफ और टू स्टेट्स : द स्टोरी ऑफ माई मैरिज पर भी निर्देशकों की फिल्म बनाने की योजना है। चेतन को उम्मीद है कि भारतीय शिक्षा में भ्रष्टाचार और प्रेम पर आधारित रिवॉल्यूशन 2020 पर भी फिल्म बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications