कांग्रेस की दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेंगे: केजरीवाल

यह सब बातें अन्ना हजारे के सहयोगी अरविंद केजरीवाल ने नारनौंद में एक जनसभा में कही। लोगों को देश के वास्तविक स्वामी कहते हुए केजरीवाल ने कहा कि 2जी स्पैक्टम में जो 76000 करोड़ का घोटाला हुआ है वह पैसा जनता का है। इसके दोषियों को सजा होनी चाहिए चाहे वह कोई भी हो। कपिल सिब्बल व मनीष तिवार पर टिप्पणी करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने अन्ना हजारे जैसी पाक छवि वाले व्यक्ति को भ्रष्ट व्यक्ति कहा था। जबकि जनता जानती है कि अन्ना हजारे ने अपना जीवन पारदर्शिता से जिया है।
अपने जीवन को दांव पर लगाकर जनता के हक के लिए लडऩे वाले अन्ना आज देश की आवाज बन चुके हैं। इस बीच कांग्रेस का हाथ भ्रष्टाचारियों के साथ का नारा देते हुए केजरीवाल ने कहा कि सुरेश कलमाड़ी, राजा, चिदम्बरम भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं को कांग्रेस का शह प्राप्त है। जनलोकपाल बिल यदि पारित हो जाएगा तो कोई भी भ्रष्ट अधिकारी दो साल के भीतर सलाखों के पीछे हो सकता है और उसकी संपत्ति जब्त करने व नौकरी से निकालने का प्रावधान बिल में होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आरएसएस अन्ना हजारे के आंदोलन का श्रेय लेने की कोशिश न करे। वहीं बाल ठाकरे के बयान पर अन्ना हजारे किसी प्रकार की टिप्पणी नहीं करना चाहते और न ही उनक किसी चुनौती की उनको परवाह है। गोपाल राय और मनीष सिसोदिया ने भी इस अवसर लोगों से कांग्रेस के खिलाफ वोट करने व मौजूदा उम्मीदवारों में से ईमानदार छवि वाले बेहतर उम्मीदवार को चुनने का आह्वान किया।
इसी बीच केजरीवाल ने अपील मतदाताओं से अपील की कि वे अपने अपने काम में से समय निकालकर अन्ना हजारे की सीडी का प्रचार करें और लोगों से अपील करें की वे सही उम्मीदवार को वोट डालें। उन्होंने कहा कि जनता सरकार पर दबाव बनाए कि वह जनवरी तक जनलोकपाल बिल को पास करे। इस दौरान लगभग 2000 से अधिक की संख्या में पहुंची भीड़ में बुढ़े, बच्चे, युवा वर्ग व महिलाएं भी मौजूद रहीं। अन्ना टीम 10 अक्टूबर तक हिसार में ही रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications