मुंबई एयरपोर्ट पर कीचड़ में फंसे विमान को निकालने में जुटे 234 लोग

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की एक टीम इस विमान को निकालने में जुटी हुई है, जिसका सहयोग मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड, तुर्की एयरलाइंस और अभियांत्रिकी इकाई लार्सन एंड टर्बो कर रही हैं। इस काम में क्रेन, ट्रक, जेसीबी और अन्य उपकरण सहित करीब 50 बड़ी और छोटी मशीनें लगायी गई हैं। मुंबई में बार-बार हो रही बारिश के कारण कार्य में बाधाएं भी आ रही हैं।
ज्ञात हो कि तुर्की का एक विमान शुक्रवार की सुबह रनवे से फिसल गया था, जिसके कारण विमानों की आवाजाही रोक दी गई थी। विमान रनवे से फिसलकर कीचड़ में चला गया। विमान में चालक दल के 11 सदस्यों सहित कुल 104 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित बाहर निकल आये, लेकिन विमान वहीं कीचड़ में फंसा रहा।
एक अधिकारी के मुताबिक दलदली मिट्टी में विमान फंसा हुआ है, जहां क्रेन व ट्रक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसकी वजह से एयरपोर्ट पर दर्जनों विमानों का रास्ता बदला गया और तीन अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। कई उड़ानें लेट भी हुईं। विमान का सारा ईंधन तो निकाल लिया गया है, अब विमान को कीचड़ से बाहर निकालने का काम जारी है। उधर तुर्की की विमानन कंपनी ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications