दिल्ली में 14वीं मंजिल से गिरे 3 मजदूर, 2 की मौत
नई दिल्ली। रामप्रस्थ ग्रीन्स सोसाइटी में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर घायल हो गया। तीनों मजदूर बिल्डिंग में 14 वीं मंजिल पर प्लास्टर कर रहे थे। सेटरिंग गिरने पर यह हादसा हुआ।
वैशाली के रामप्रस्थ ग्रीन्स सोसाइटी में सेठी एंड झंकार ग्रुप का पार्क शैफायर, मैक्स सिटी के नाम से 15 मंजिला हाउसिंग प्रोजेक्ट बन रहा है। कंस्ट्रक्शन का ठेका आशियाना बिल्डटेक कंपनी के पास है। सुनील, शत्रुघ्न और अरुण निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार बिल्डिंग में 14वीं मंजिल पर प्लास्टर कर रहे थे।
दोपहर में अचानक शटरिंग धराशाई हो गई। तीनों मजदूर ऊपर से पहली मंजिल के छज्जे पर आ गिरे। हादसे में सुनील (22) की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग गंभीरावस्था में शत्रुघ्न और अरुण को निकट के पारस अस्पताल ले गए। आरोप है कि वहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती नहीं किया।
बाद में एसओ इंदिरापुरम ने दोनों को पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शत्रुघ्न (34) ने दम तोड़ दिया जबकि अरुण की हालत नाजुक बनी हुई है। मजदूरों के परिजनों ने बिल्डर और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। एसओ का कहना है कि कंपनी प्रबंधन के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications