मिड डे मील में छिपकली, 44 छात्राएं अस्पताल पहुंचीं
नई दिल्ली। मिड डे मील से यूपी में छात्रों के बीमार होने की खबरें आती रहती हैं, अब दिल्ली भी अलग नहीं रही। उत्तम नगर के मोहन गार्डन स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में शनिवार को मिड डे मील खाने से करीब 44 छात्राएं बीमार हो गईं। सभी को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भरती कराया गया है। जिन्हें डाक्टर करीब 24 घंटे तक निगरानी में रखेंगे।
पुलिस और शिक्षा विभाग ने खाना के सैंपल को जांच के लिए श्रीराम सेंटर भेज दिया है। शिक्षा विभाग की ओर से खाना मुहैया करवाने वाली संस्था के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विद्यालय में शनिवार सुबह छठी से आठवीं कक्षा तक की करीब एक हजार छात्राओं के लिए इंडीकेयर ट्रस्ट नामक संस्था की ओर से कढ़ी-चावल परोसा गया था। आठवीं की दो छात्राओं नेहा पांडेय और नेहा सिंह ने खाने में छिपकली मिलने की शिकायत प्रधानाचार्य से की। इस पर स्कूल प्रशासन ने छात्राओं को खाना खाने से मना कर दिया।
प्रधानाचार्य ने इसकी शिकायत शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की। इसी दौरान करीब 44 छात्राओं ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। पुलिस ने सभी छात्राओं को डीडीयू अस्पताल में भरती करवाया। वहीं शिक्षाधिकारी विमलेश कुमारी का कहना है कि मिड डे मील सप्लाई करने वाली संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। खाना के सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है। खाना की क्वालिटी खराब होने के कारण पहले भी संस्था को नोटिस भेजी गई है।
सर्वोदय स्कूल में मिड डे मील खाने से बच्चों के बीमार पड़ने से शिक्षा निदेशालय के उन तमाम निर्देशों की पोल खुल गई है जो कि समय-समय पर स्कूलों को दिए जाते रहे हैं। मिड डे मील पर नजर रखने वाली कमेटी के दो सदस्यों के चखने के बाद ही खाने को सप्लाई का प्रावधान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications