अन्ना इफेक्ट- आज चुनाव हो जायें तो भाजपा की होगी जीत
नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के अनशन से किसी को फायदा हुआ हो या न हुआ हो पर भाजपा को इसका जरूर फायदा होता दिख रहा है। स्टार न्यूज-नीलसन सर्वे से पता चला है कि आंदोलन की वजह से भाजपा की लोकप्रियता का ग्राफ में तेजी से बढोत्तरी हुई है। 28 शहरों के करीब नौ हजार लोगों के बीच हुए इस सर्वे में भाजपा को ब़ढ़त मिली है।
सर्वे के अनुसार अगर वर्तमान में चुनाव हो जाए तो मुख्य विपक्षी भाजपा को सबसे ज्यादा वोट मिलेंगे। सर्वे में 32 फीसदी लोगों ने भाजपा को सत्ता के लिए अपनी पसंद बताया है। वहीं 20 प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस को पसंद किया है।
सर्वे के आंकड़े कपिल सिब्बल और चिदंबरम को भी डराने वाले हैं। सर्वे में बताया गया है कि अगर अभी लोकसभा के चुनाव हुए तो मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल अपनी सीट नहीं बचा पाएंगे। सिब्बल चांदनी चौक सीट से सांसद हैं। कहीं उनका सामना पूर्व आईपीएस अधिकारी व अन्ना हजारे के सदस्य किरण बेदी से हो गया, तब तो उन्हें बड़ी फजीहत का सामना करना पड़ सकता है।
स्टार न्यूज और मार्केट रिसर्च कंपनी नीलसन द्वारा कराए गए इस सर्वे में लोगों से यह पूछा गया कि किरण बेदी बनाम सिब्बल के मुकाबले में वह किसे चुनेंगे? आश्चर्यजनक रूप से 74 फीसदी ने बेदी को चुना। सिब्बल सिर्फ 14 फीसदी वोट हासिल कर सके। अन्ना के एक अन्य साथी अरविंद केजरीवाल बनाम गृह मंत्री पी चिदंबरम के मुकाबले में भी ज्यादातर लोगों ने केजरीवाल का पक्ष लिया।
यह मानने वालों की संख्या बड़ी है कि जन लोकपाल विधेयक भारत में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में मील का पत्थर साबित हो सकता है। 54 फीसदी लोग मानते हैं कि सरकार का अन्ना के आंदोलन से निपटने का तरीका गलत था। 64 फीसदी लोगों का कहना था कि मनमोहन कैबिनेट के बड़े नामों की वजह से ही अन्ना को 12 दिन तक अनशन करना पड़ा।


Click it and Unblock the Notifications
