आयुर्वेद पद्धति से होगा अन्ना हजारे का इलाज
गुड़गांव। मेदांत सिटी हॉस्पिटल में भर्ती अन्ना हजारे के स्वास्थ्य को लेकर देश भर के लोगों की चिंता दोपहर को कम हो गई, जब डॉक्टर नरेश त्रेहान ने अन्ना के स्वास्थ्य का ताज़ा बुलेटिन जारी किया। उन्होंने बताया कि अन्ना की तबियत बिलकुल ठीक है, लेकिन फिलहाल उन्हें भेस पदार्थ के रूप में भोजन नहीं दिया जा रहा है।
वहीं उन्हीं की टीम के एक अन्य डॉक्टर ने बताया कि उनके सभी अंगों की जांच की जा रही है। फिलहाल उन्हें कोई दवाएं नहीं दी जा रही हैं। सिर्फ ग्लूकोज ड्रिप चल रही है। सभी रिपोर्ट आने पर अगर सब कुछ ठीक रखा तो सीधे भोजन देने के बजाये अन्ना को कुछ समय के लिए आयुर्वेदिक उपचार दिया जा सकता है।
मेदांत सिटी अस्पताल पहुंचने के बाद अन्ना के सैंकड़ों समर्थकों की भीड़ अस्पताल में जुट गई। रविवार की शाम तक यहां लोगों का इस कदर तांता लग गया कि आस-पास की सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। चारों तरफ अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस और टीम अन्ना के सदस्यों ने लोगों से घर जाने की अपील की। इसके बावजूद सोमवार की दोपहर बाद तक भी लोगों का हुजूम यहां देखने को मिला।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे डा. त्रेहान ने अन्ना का हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि उनका हृदय ठीक तरह से काम कर रहा है। उनकी छाती का एक्स-रे लिया गया, उसमें सब कुछ नॉर्मल है। रक्त में कीटोन की मात्रा में भी कमी दर्ज हुई है। उनके शरीर की नियमित जांच की जा रही है, उम्मीद है दो-तीन दिन में अन्ना पूरी तरह स्वस्थ्य हो जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications